पुलिस ने पकड़ी शराब की खेप, कार से सैकड़ों बोतल जब्त

अम्बा थाना पुलिस ने शराबबंदी कानून के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 375 बोतल देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कसौटी नहर मार्ग पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक आसमानी रंग की ऑल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच में कार से 15 कार्टन देसी शराब बरामद हुई। प्रत्येक कार्टन में 300 मिलीलीटर की 25 बोतलें रखी गई थीं। इस प्रकार कुल 375 बोतल यानी 112.5 लीटर देसी शराब जब्त की गई। पुलिस टीम को देखकर वाहन सवार भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नवीनगर थाना क्षेत्र के नेनुआ गांव निवासी 20 वर्षीय दीपक कुमार एवं 19 वर्षीय नीतीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया है।
इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज किया गया है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर शराब आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

पुलिस ने लोगों से अवैध शराब के कारोबार की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *