कुटुंबा थाना क्षेत्र के अंबा-नवीनगर पथ स्थित तमसी मोड़ के समीप शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। मृतक की पहचान झिकटिया गांव निवासी नवल मौआर के 30 वर्षीय पुत्र अमन कुमार उर्फ कईल के रूप में हुई है। वहीं, उसी गांव के 17 वर्षीय मुकेश कुमार, पिता उपेंद्र राम, को मामूली चोटें आई हैं।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार अमन कुमार और मुकेश कुमार एक बाइक पर सवार होकर झिकटिया गांव से अंबा की ओर जा रहा था। इसी दौरान तमसी मोड़ के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई और सड़क किनारे स्थित एक खजूर के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। बाइक मुकेश कुमार चला रहा था, जबकि अमन कुमार पीछे बैठे हुआ था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए रेफरल अस्पताल कुटुंबा पहुंचाया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करने के पश्चात अमन कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। हालांकि सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं मुकेश कुमार को हल्की चोटें आई हैं, जिनका उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही झिकटिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान अली ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
