अवैध होर्डिंग और बैनर के खिलाफ पटना नगर निगम का सख्त अभियान, 15 यूनिपोल हटाए

पटना। पटना नगर निगम (Patna Municipal Corporation) ने शहर के सौंदर्यीकरण, यातायात व्यवस्था और जन-सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध होर्डिंग और बैनर के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया है। यह अभियान निगम क्षेत्र के सभी छह अंचलों में चरणबद्ध और सख्ती के साथ चलाया जा रहा है।

निगम प्रशासन द्वारा साइंटिफिक तरीके से होर्डिंग और यूनिपोल को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत आज दीघा, पहाड़ी, अनिशाबाद, चितकोहड़ा, बाईपास सहित अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की गई, जिसमें लगभग 15 यूनिपोल और कई अवैध बैनर हटाए गए।


नियमों की अनदेखी पर होगी कड़ी कार्रवाई

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थलों, सड़क किनारे, विद्युत पोल, सरकारी भवनों या अन्य स्थानों पर होर्डिंग और बैनर लगाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं से जुर्माना वसूला जा रहा है तथा आवश्यक होने पर प्राथमिकी भी दर्ज की जा रही है।

निगम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में पुनरावृत्ति होने पर संबंधित के विरुद्ध पीडीआर (PDR) एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।


नगर आयुक्त का सख्त निर्देश

नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बिना किसी दबाव या प्रभाव के निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शहर की सूरत बिगाड़ने और नियमों की अनदेखी करने की प्रवृत्ति को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निगम प्रशासन ने नागरिकों और विज्ञापन एजेंसियों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और बिना अनुमति किसी भी प्रकार का विज्ञापन सामग्री न लगाएं। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


रात में भी चलेगा अभियान

नगर निगम ने बताया कि कई अवैध यूनिपोल और होर्डिंग भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगे हैं, जिन्हें हटाने के लिए रात्रि में भी अभियान चलाया जाएगा। नगर आयुक्त ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि अवैध होर्डिंग हटाने का कार्य तेज गति से पूरा किया जाए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *