19 और 20 जनवरी को होगा अम्बे महोत्सव का आयोजन

दो दिवसीय अम्बे महोत्सव की रूपरेखा तैयार

अंबा औरंगाबाद। अम्बे महोत्सव का आयोजन जिला प्रशासन एवं सतबहिनी मंदिर न्यास समिति के संयुक्त तत्वाधान में 19 और 20 जनवरी को किया जाएगा। महोत्सव के आयोजन को लेकर मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय के सभागार में बैठक की गई। जिसकी अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियांशु बसु ने की। बैठक में न्यास समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं शामिल हुए। महोत्सव के आयोजन से संबंधित पहलुओं पर विचार-विमर्श कर कार्यक्रमों का मिनट टू मिनट प्रारूप तैयार किया गया। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि प्रखंड स्तर के सभी मंदिरों एवं ऐतिहासिक स्थलों का डाक्यूमेंट्री फिल्म बनाई जाएगी। जिसके खर्च का वहन सतबहिनी मंदिर न्यास समिति करेगी। महोत्सव के दौरान आयोजित प्रतियोगिता के निर्णायक मंडली में प्रखंड क्षेत्र के बाहरी संगीत शिक्षकों को प्रतिनियुक्त किया जाएगा। बजट के अभाव में किसी भी कलाकार को प्रोत्साहन राशि नहीं दी जाएगी। मंदिर की सजावट, दीप यात्रा की सामग्री, मोमेंटो आदि उपलब्ध कराने के लिए न्यास समिति के सचिव सिद्धेश्वर विद्यार्थी को अधिकृत किया गया।

दो दिवसीय महोत्सव की रूपरेखा

अम्बे महोत्सव का आगाज धार्मिक अनुष्ठान से किया जाएगा। 19 जनवरी की सुबह 8:15 बजे सतबहिनी मंदिर परिसर से कलश यात्रा और झांकी निकाली जाएगी। श्रद्धालु हरदत्ता गांव के समीप बटाने नदी के तट से जलभरी कर मंदिर परिसर लौटेंगे। दस बजे से रंगोली, चित्रकला, निबंध, प्रश्न मंच प्रतियोगिता तथा मंच उद्घाटन दोपहर एक बजे किया जाएगा। शाम चार बजे से स्थानीय स्कूलों के बच्चों की गायन प्रतियोगिता तथा 6:30 से बाहरी कलाकारों की प्रस्तुति होगी। वहीं महोत्सव के दूसरे दिन सुबह दस बजे से मौखिक प्रश्न मंच प्रतियोगिता, 12:15 से सतबहिनी मां पर आधारित गीत प्रतियोगिता, दो बजे से 2:30 बजे तक जिले में आयोजित विभिन्न महोत्सवों के दो – दो सदस्यों का सम्मान संगोष्ठी, शाम 5:30 बजे से स्थानीय विद्यालय के बच्चों का गीत एवं नृत्य प्रतियोगिता, संध्या छह बजे दीप यज्ञ तथा 6:30 से बाहरी कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।