औरंगाबाद: शराब के साथ एक एएसआई को गिरफ्तार किया गया है. दरअसल मामला कुटुंबा थाना की है, जहां थाना में तैनात एएसआई महेंद्र पासवान को मामले में आवश्यक कार्रवाई के उपरांत जेल भेज दिया गया है.

घटना शुक्रवार को तब सामने आई जब थाना को सूचना मिली कि एएसआई के सरकारी आवास में शराब छुपा कर रखी गई है. थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई. इसके बाद ओडी पदाधिकारी मिक्कू कुमार समेत पुलिस टीम ने बैरक स्थित एएसआई के कमरे का ताला तोड़कर जांच की.
तलाशी के दौरान कमरे में छुपाकर रखे गए 500 एमएल के छह कैन बियर बरामद किए गए. शराब मिलने के बाद थानाध्यक्ष के लिखित आवेदन पर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत एएसआई महेंद्र पासवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.
आरोपी एएसआई को उस समय कोर्ट से गिरफ्तार किया गया, जब वे मारपीट मामले में फरार चल रहे आरोपियों को पकड़कर रिमांड की डिमांड के लिए कोर्ट पहुंचे थे. इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
प्राथमिक कानूनी औपचारिकताओं के बाद आरोपी पुलिस पदाधिकारी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पूछताछ में एएसआई महेंद्र पासवान ने खुद को निर्दोष बताया है. उसने दावा किया कि उसके कमरे के पीछे वाले दरवाजे की कुंडी कई दिनों से खराब थी. इसी वजह से किसी ने साजिश के तहत कमरे में घुसकर शराब छुपा दी और इसकी सूचना अधिकारियों को दे दी.

हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है. सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. एएसआई महेंद्र पासवान दोषी है या किसी साजिश का शिकार हैं. कानून सभी के लिए समान है. मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है.
