सावधान! आभूषण चमकाने के नाम पर घूम रहे हैं ठग, जानिए कहां का है मामला

आभूषण चमकाने के नाम पर लाखों की ठगी

अंबा औरंगाबाद। रिसियप थाना क्षेत्र के धनु बिगहा गांव में ठगी की बड़ी घटना प्रकाश में आई है। जहां ठग आभूषण चमकाने के नाम पर लाखों रुपए के सोने और चांदी के आभूषण लेकर चंपत हो गये। पीड़िता खुशबू कुमारी उक्त गांव निवासी पिंकू सिंह की पत्नी हैं और वह दाउदनगर प्रखंड के प्लस टू उच्च विद्यालय अरई में शिक्षिका के पद पर पदस्थापित है। पीड़िता ने बताया कि मंगलवार की दोपहर जब वह स्कूल से वापस लौटी उसी वक्त बाइक पर सवार दो ठग उनके घर पर पहुंचे और पीतल व तांबे के बर्तन चमकाने की बात कही। पीड़िता ने उन्हें बर्तन साफ करने के लिए दिया तब ठगों ने केमिकल लगाकर बर्तनों को एकदम चमकदार बना दिया। जिसे देखकर घर की महिलाएं प्रभावित हो गई। उनको प्रभावित होता देख ठगों ने महिलाओं को झांसे में लेते हुए आभूषणों को भी चमकाने की बात कही। पीड़िता ने शुरूआत में ठगों को चांदी के आभूषण साफ करने के लिए दिए उसे भी ठगों ने चमका दिया। जिसे देख पीड़िता पूरी तरह ठगों के झांसे में आ गई थी। ठगों ने महिला से कहा कि सोने के आभूषण साफ करने के लिए केमिकल और हल्दी तो गर्म पानी में मिलाना होता है। गर्म पानी में कुछ देर रखने के के बाद आभूषणों में चमक आ जाएगी। महिलाओं ने अपने आभूषण गर्म पानी में डाल दिया और इंतजार करने लगे।इसी बीच ठगों ने पीड़िता और उसकी ननद को केमिकल के बारे में जानकारी देते हुए कहा की केमिकल को हाथ पर लेने से ठंड की अनुभूति होती है। बातों ही बातों में ठगों ने दोनों महिलाओं के हाथ पर केमिकल डाला, जिसके गंध से उन पर बेहोशी छाने लगी। कुछ देर बाद आने की बात कह कर ठग घर से बाहर चले गए। समय बीतने पर जब वे लोग वापस नहीं लौटे तब महिला ने घर से बाहर निकल कर देखा तब तक ठग बाइक लेकर फरार होने के चुके थे। ठगी का संदेह होने पर महिला भाग कर घर के अंदर गई और बर्तन के अंदर हाथ डाला तो पाया कि आभूषण गायब हैं। पीड़िता लगभग 20 लाख रुपए के आभूषण की ठगी होने की बात बताई है। घटना की सूचना मिलने पर गांव के लोग पीड़िता के घर पर इकट्ठा हो गए। थानाध्यक्ष संजीत राम ने बताया कि पीड़िता द्वारा अभी तक आवेदन नहीं दिया गया है आवेदन के आलोक में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।