। रबी फसल के बीज वितरण में अनियमितता और पदाधिकारियों के रवैए से नाराज़ ग्रामीणों ने शनिवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर में हंगामा किया। मौके पर उपस्थित बसौरा गांव निवासी वृंदा देवी ने बताया कि अधिकारियों द्वारा कुटुंबा प्रखंड के कुल बीस पंचायत के सभी किसानों को एक साथ बुला लिया गया है। जिसके कारण काफी भीड़ इकट्ठा हो गई है। हमलोग सुबह से इंतजार कर रहे हैं। डीलर द्वारा फार्म जमा करा लिया गया है और बीज वितरण नहीं किया जा रहा है। वहीं सिंहपुर गांव निवासी माइकल कुमार ने बताया कि उन्होंने विगत शुक्रवार को ही किसान सलाहकार द्वारा फॉर्म ऑनलाइन कराया था। शनिवार को जब वे बीज लेने पहुंचे तो डीलर द्वारा कहा गया कि बीज के लिए कल आइयेगा। माइकल ने चिंता व्यक्त की है कि अगर समय से किसानों को बीज नहीं मिलेगा तो वे फसल की बुवाई कब करेंगे। प्रखंड कृषि कार्यालय में बीज लेने पहुंचे संजय कुमार, अशोक यादव, नरेश महतो समेत कई किसानों ने बीज वितरक और अधिकारियों पर अनियमितता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीज वितरण में गड़बड़ी करने के उद्देश्य से किसानों का फॉर्म जमा कराया जा रहा है और बीज का वितरण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है। इधर ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी को प्रशासन की मदद लेनी पड़ी। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद शांतिपूर्वक बीज वितरण कराया गया।
