औरंगाबाद। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में औरंगाबाद जिले में सुबह 9:30 बजे तक औसतन 15.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। निर्वाचन आयोग के टर्नआउट ऐप के अनुसार जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों से प्राप्त प्रारंभिक आंकड़ों में रफीगंज विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 17.20 प्रतिशत मतदान हुआ है।

वहीं औरंगाबाद सीट पर 14.12 प्रतिशत, गोह में 15.69 प्रतिशत, कुटुंबा में 15.49 प्रतिशत, नबीनगर में 16.05 प्रतिशत और ओबरा में 13.99 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
सुबह के समय मतदान केंद्रों पर अपेक्षाकृत कम भीड़ रही, लेकिन धीरे-धीरे मतदाताओं के आने की रफ्तार बढ़ रही है। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय का अनुमान है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी होगी।
