कंपनी के डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट, दो गिरफ्तार

कुटुंबा थाना क्षेत्र के सिमरी कला गांव में मंगलवार की दोपहर पिता और पुत्र ने मिलकर फ्लिपकार्ट कंपनी के डिलीवरी बॉय की लाठी डंडे से पिटाई कर दी। जिसमें डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से जख्मी हो गया। डिलीवरी बॉय की पहचान औरंगाबाद निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार डिलीवरी बॉय ऑटो में सवार होकर उक्त गांव के रास्ते सामान की डिलीवरी करने जा रहा था। इसी क्रम में पीछे से आ रहे हैं बाइक सवार अंकित सिन्हा ने ऑटो में टक्कर मार दी। इस बात को लेकर बाइक सवार और डिलीवरी बॉय में बहस होने लगी। मामला तुल पकड़ता गया और दोनों हाथापाई करने लगे। इसी क्रम में अंकित के पिता गोपाल लाल घटना स्थल पर पहुंचें। दोनों को लड़ते देख उन्होंने डिलीवरी बॉय के सिर पर लाठी से वार कर दिया। जिससे डिलीवरी बॉय अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी डिलीवरी बॉय को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल कुटुंबा ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के डॉक्टर ने डिलीवरी बॉय की गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि पीड़ित द्वारा दिए गए आवेदन में अंकित सिन्हा और गोपाल लाल को अभियुक्त बनाया गया है। आवश्यक करवाई करने के उपरांत दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।