औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दूसरे चरण के नामांकन के पांचवें दिन शुक्रवार को ओबरा विधानसभा सीट के लिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के करीबी नेता डॉ. प्रकाश चंद्रा ने एनडीए समर्थित प्रत्याशी के रूप में नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया।

डॉ. चंद्रा समर्थकों के साथ दाउदनगर अनुमंडल कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होने ओबरा के निर्वाची पदाधिकारी सह दाउदनगर के भूमि सुधार उप समाहर्ता प्रणव कुमार के समक्ष नामांकन दाखिल किया। गौरतलब है कि डॉ. प्रकाश चंद्रा पिछले विधानसभा चुनाव में सिर्फ लोजपा(रामविलास) के प्रत्याशी थे। इस बार वह एनडीए समर्थित लोजपा(रामविलास) प्रत्याशी है। एनडीए प्रत्याशी होने से इस बार ओबरा की राजनीतिक फिजां कुछ बदली बदली सी है।

नामांकन के बाद कहा-संत पदारथ व रामविलास बाबू के सपनों को करेंगे साकार–
नामांकन के बाद डॉ. चंद्रा ने कहा कि हमारे नेता चिराग पासवान ने मुझ पर भरोसा जताते हुए अपना उम्मीदवार बनाया है। उनका भरोसा नही टूटेगा। दावा किया कि इस बार ओबरा समेत जिले की सभी 6 विधानसभा सीटों पर एनडीए का परचम लहराएगा और बिहार में एक बार फिर से नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी। कहा कि विधायक बनने पर ओबरा के लिए जिएंगे। ओबरा के लिए काम करेंगे। संत राम पदारथ और रामविलास बाबू के सपनों को साकार करेंगे। ओबरा को जातीय घृणा और द्वेष का केंद्र नही बनने देंगे।
