औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के द्वितीय चरण के लिए हो रहे नामांकन के तीसरे दिन गुरूवार को औरंगाबाद जिले की छः विधानसभा सीटों में से तीन सीट से कुल आठ उम्मीदवारों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। इस प्रकार औरंगाबाद जिले में नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की संख्या अबतक पंद्रह हो गई है।

औरंगाबाद के उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. गजाली ने बताया कि गुरुवार को जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से कुल आठ प्रत्याशियों ने नामांकन का परचा दाखिल किया है। नामांकन करने वालों में नबीनगर से स्वराज पार्टी(लोकतांत्रिक) के अजय भुईयां, औरंगाबाद से अखिल हिंद फारवर्ड ब्लॉक क्रांतिकारी के विनय कुमार सिंह, राष्ट्रीय जनलोक पार्टी(सत्य) की नेहा कुमारी, निर्दलीय अजीत कुमार, गोह से जन सुराज के सीताराम दुखारी, भाजपा से डॉ. रणविजय कुमार, बसपा से संजय प्रसाद एवं सोशलिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से अरूण कुमार अमर शामिल हैं।
