Bihar Assembly Election 2025 : जन सुराज ने नबीनगर से अर्चना चंद्र व गोह से सीताराम दु:खारी को बनाया उम्मीदवार

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। चर्चित  राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने उम्मीदवारों की पहली सूची में औरंगाबाद जिले की छः विधानसभा सीटों में दो सीट से उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। पार्टी ने नबीनगर से बारूण की पूर्व प्रमुख अर्चना चंद्र और गोह विधानसभा क्षेत्र से अति पिछड़ा नेता सीताराम दुःखारी को उम्मीदवार बनाया है। जिले की शेष चार विधानसभा सीटो कुटुम्बा(सुरक्षित), ओबरा, औरंगाबाद और रफीगंज से उम्मीदवार के नाम की अभी घोषणा नही की है। माना जा रहा है कि अगली सूची में पार्टी इन चार सीटों के उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकती है।

पार्टी द्वारा जिले में दो उम्मीदवारों के नाम की घोषणा के साथ ही यहां की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इन दोनों उम्मीदवारों के नाम की घोषणा पार्टी द्वारा पूर्व घोषित नीति के अनुरूप ही है। गौरतलब है कि जन सुराज पार्टी ने पहले से ही यह घोषणा कर रखी थी कि वह हर जिले में एक सीट महिला और एक सीट अति पिछड़ा को देगी लेकिन टिकट दिए जाने का आधार उम्मीदवार की काबिलियत होगी। इस लिहाज से दोनों ही उम्मीदवार राजनीतिक रूप से काबिल और सक्षम है।

इस मामले में जहां अर्चना पूर्व में बारूण की प्रखंड प्रमुख रहने के साथ ही पहले भी लोकसभा और विधानसभा का चुनाव लड़ चुकी है और उनकी गिनती तेज तर्रार महिला नेत्री के रूप में होती है। साथ ही अर्चना को राजनीति का अच्छा-खासा राजनीतिक अनुभव है और वह बारूण में स्थापित राजनीतिक परिवार से आती है तथा इस परिवार की इलाके में अपनी अलग तरह की मजबूत राजनीतिक पकड़ भी है। वही गोह के इलाके में सीताराम दुःखारी अति पिछड़ा समाज के सर्वमान्य नेता के रूप में चर्चित है। अति पिछड़ा समाज में सर्वाधिक लोकप्रिय होने के साथ ही सीताराम दुःखारी दूसरी जातियों के लिए भी प्रिय माने जाते है और वह जमीनी नेता भी है।