Bihar News : देव सूर्य मंदिर को विश्व धरोहर घोषित करने की मांग को ले सड़क पर उतरी गण सुरक्षा पार्टी

अम्बा(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। बिहार विधानसभा के चुनावी साल में औरंगाबाद के विश्व प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर को वैश्विक धरोहर घोषित करने की मांग उठी है। यह मांग शनिवार को गण सुरक्षा पार्टी ने अम्बा में मार्च निकाल कर की।

मार्च का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सह कुटुम्बा विधानसभा सीट से पार्टी के घोषित प्रत्याशी अंगद कुमार ने किया। इस दौरान अंगद ने कहा यह मार्च देव सूर्य मंदिर को विश्व धरोहर घोषित करने समेत कुटुम्बा विधानसभा क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर निकाला गया है। कहा कि देव सूर्य मंदिर से ही औरंगाबाद को पहचाना जाता है। यहां का त्रेतायुगीन सूर्य मंदिर विश्व प्रसिद्ध है और इसकी अद्वितीय महत्ता है। इसके बावजूद देश की आजादी के बाद से किसी भी नेता ने इस मंदिर को विश्व धरोहर घोषित किए जाने को लेकर कोई पहल नही की। यदि पहल की जाती तो यह काम कब का हो जाता है क्योकि यह स्थल विश्व धरोहर घोषणा के मानकों को पूरा करता है। ऐसा होने से निःसंदेह देव सूर्य मंदिर बोधगया मंदिर के समानांतर वैश्विक धरोहर घोषित हो गया होता।

कहा कि इलाके के लिए कुटकु डैम(उत्तर कोयल नहर) परियोजना जीवनदायिनी परियोजना है लेकिन इसके प्रति स्थानीय विधायक, सांसद से लेकर केंद्र और राज्य की सरकार गंभीर नही है। महज दिखावे के लिए उत्तर कोयल नहर की कंक्रीट लाईनिंग कराई जा रही है। कंक्रीट लाईनिंग का तभी लाभ मिलेगा, जब कुटकु डैम में फाटक लगेगा और फाटक का लगना फिलहाल दूर की कौड़ी बनी हुई है। साथ ही क्षेत्र का अपेक्षित विकास भी नही हो पाया है। कहा कि गण सुरक्षा पार्टी क्षेत्र के विकास के प्रति गंभीर है। इसी गंभीरता के तहत पार्टी ने उन्हे कुटुम्बा विधानसभा की सीट से उम्मीदवार बनाया है। एक उम्मीदवार के रूप में वें क्षेत्र के सम्यक विकास का कुटुम्बा की जनता से पक्का वादा करते है और चुनाव जीतने पर अपने वादे को पूरा करके दिखाएंगे।