Bihar News : आंगनबाड़ी सहायिका के बेटे को गण सुरक्षा पार्टी ने बनाया कुटुम्बा से उम्मीदवार, अंगद ने शुरू की चुनावी तैयारी

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। गण सुरक्षा पार्टी ने  पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अंगद कुमार को औरंगाबाद की कुटुम्बा(सुरक्षित) विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी द्वारा उम्मीदवार बनाए जाने के साथ ही अंगद ने चुनावी तैयारी शुरु कर दी है। इसे लेकर उन्होने पार्टी के कार्यकर्ताओं और अपने शुभेच्छुओं के साथ एक अहम बैठक कर चुनावी रणनीति तय की है। 

चुनाव से पहले ही शुरू करेंगे जनसंपर्क अभियान

अंगद ने बताया कि पार्टी द्वारा उम्मीदवार बनाए जाने के साथ ही उन्होने अपने नाम के अनुरूप कुटुम्बा विधानसभा क्षेत्र में अपना अंगदी पैर जमा दिया है, जो अब डिगने वाला नही है। कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभेच्छुओं के साथ बैठक  कर धारदार चुनावी रणनीति तय की है। इसके तहत चुनाव के पहले वें कुटुम्बा विधानसभा क्षेत्र के एक-एक गांव तक जनसंपर्क करने जा रहे है। इसके लिए जनसंपर्क का कार्यक्रम तय हो रहा है और शीघ्र ही वें धुआंधार क्षेत्र भ्रमण करेंगे। घर-घर जाकर जनता से आर्शीवाद मांगेंगे।

आंगनबाड़ी सहायिका के बेटे हैं अंगद

चुनावी राजनीति के लिए बिल्कुल नए अंगद संभवतः कुटुम्बा विधानसभा सीट से सबसे कम उम्र के युवा उम्मीदवार है। वें औरंगाबाद के ओबरा प्रखंड के बिहारी बीघा गांव निवासी युगल पासवान और धनबरती देवी के पुत्र है। उनकी मां गांव के ही आंगनबाड़ी केंद्र में बतौर  सहायिका कार्यरत है जबकि उनके पिता साधारण से किसान है और बटाई पर भी खेती करते है।                      

सरपंच का चुनाव लड़ चुके है पिता-

अंगद के पिता युगल पासवान अपने गांव से वार्ड सदस्य रहे है। वार्ड सदस्य के बाद वें पिछले पंचायत चुनाव में अपने पंचायत की ग्राम कचहरी के सरपंच के लिए भी चुनाव लड़ चुके है।                

पहले प्रयास में यूजीसी नेट परीक्षा में 98.29 परसेंटाइल लाकर पटना यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रहे अंगद-

वर्तमान में अंगद पटना विश्वविद्यालय से पॉलीटिकल साइंस विषय में “पॉलिटिकल पार्टिसिपेशन ऑफ शिड्यूल ट्राइब इन बिहार” टॉपिक पर पीएचडी कर रहे है। इसके पहले उन्होने असिस्टेंट प्रोफेसर की योग्यता के लिए पहले प्रयास में ही जेआरएफ-यूजीसी नेट की परीक्षा में सफलता हासिल कर रखी  है। इसी परीक्षा में मिली सफलता के आधार पर उन्हे पीएचडी में दाखिला मिला है। यूजीसी नेट परीक्षा में अंगद ने 98.29 परसेंटाइल मार्क्स प्राप्त किए है। वर्तमान में अंगद को जूनियर रिसर्च फेलो के रूप में करीब 45 हजार प्रतिमाह की फेलोशिप मिलती है, जिससे वें पीएचडी कर रहे है। अगले साल से उन्हे तीन साल के लिए सीनियर रिसर्च फेलो के रूप में एसआरएफ की फेलोशिप मिलेगी, जिससे उनकी पीएचडी की पढ़ाई पूरी हो जाएगी। अंगद ने पटना यूनिवर्सिटी के पटना कॉलेज से स्नातक और पटना विश्वविद्यालय से ही एमए की हैं।

सर्वाधिक पढ़े लिखे व सबसे कम उम्र के युवा उम्मीदवार-

अंगद कुटुम्बा(सुरक्षित) विधानसभा की सीट से इस बार संभवतः सर्वाधिक पढ़े लिखे और सबसे कम उम्र मात्र 27 साल के युवा उम्मीदवार होंगे। हाल-फिलहाल इस सीट से अंगद के समकक्ष पढ़ा लिखा और सर्वाधिक युवा कोई उम्मीदवार नही है।