डबल इंजन की सरकार में बिहार में तेज गति से हो रहा है चहुंमुखी विकास : विजय सिन्हा

कार्यकर्ता सम्मेलन में एनडीए ने दिखाई ताकत

अंबा (औरंगाबाद)। डबल इंजन की सरकार में बिहार में तेज गति से चहुंमुखी विकास हो रहा है। हर जिले में इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक जैसे बड़े-बड़े शिक्षण संस्थान और हॉस्पिटल खुल रहे हैं। वहीं खेतों में पानी व मुफ्त बिजली पहुंच रही हैं। आज अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकासात्मक कार्यों का लाभ पहुंच रहा है।

उक्त बातें बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने रविवार को अंबा में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बिहार की महिलाओं को रोजगार शुरू करने के लिए दस हजार रुपए दे रही है। रोजगार शुरू करने के बाद उन्हें दो लाख रुपए दिए जाएंगे।

सरकार का यह कदम महिला सशक्तिकरण की दिशा में नया आयाम लिखेगा। उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा सेक्युलर के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन, मंत्री जयंत राज, रालोमो प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव राम, संतोष कुमार निराला, पूर्व सांसद सुशील सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में संतोष सुमन ने कहा कि कुटुंबा विधानसभा में आपको वैसे प्रतिनिधि का चुनाव करना है जो आपकी सेवा कर सके। उन्होंने कहा कि मैंने अपने राजनैतिक जीवन की शुरुआत कुटुंबा से की थी।

मेरी ख्वाहिश है कि जिसे मैं यहां चुनाव में नहीं हरा पाया, उसे मेरा कार्यकर्ता चुनाव में हराए। बिहार में विकास की रफ्तार रुकनी नहीं चाहिए। आपको अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए एनडीए सरकार चाहिए।

विरोधी आरोप लगाते हैं कि एनडीए गठबंधन के नेता तो मिल जाते हैं लेकिन धरातल पर कार्यकर्ता का मेल नहीं हो पता है। परंतु एनडीए का साझा कार्यक्रम यह दिखाता है कि घटक दल के सभी पार्टी के कार्यकर्ता एक हो गए हैं।

आने वाले दिनों में बिहार औद्योगिक क्रांति की नींव रखने जा रहा है। कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र विकास का इंतजार कर रहा है, उसके इंतजार को खत्म कीजिए। आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन 225 सीट जीतकर इतिहास लिखने जा रहा है। एनडीए का हर कार्यकर्ता पहरेदार के रूप में काम करेगा।

वहीं पूर्व सांसद सुशील सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए पांच पांडव का गठबंधन है। जिन लोगों ने नरेंद्र मोदी की मां को गाली दिया है इसका बदला हम लोग वोट रुपी हथियार से लेंगे। अब यह लड़ाई धर्म और अधर्म के बीच की है। उन्होंने कहा कि इस बार कुटुंबा विधानसभा में आपके बीच का उम्मीदवार होगा। आप लोग एकजुट होकर एनडीए घटक दल के उम्मीदवार को चुनाव जीताने का काम करें।

सम्मेलन में जदयू जिला अध्यक्ष व पूर्व विधायक अशोक सिंह, हम सेक्युलर जिला अध्यक्ष रणधीर सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष हरेंद्र सिंह, भाजपा महामंत्री सतीश कुमार सिंह समेत एनडीए घटक दल के सैकड़ो कार्यकर्ता शामिल थे।