कहा– लोकतंत्र बचाने का बिगुल है इंडिया गठबंधन की गांधी मैदान रैली
पटना। इंडिया गठबंधन की ओर से 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में आयोजित वोटर अधिकार मार्च को लेकर माहौल गरमाने लगा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा रविवार को पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
पटना एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्वागत
डी राजा का स्वागत करने वालों में भाकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य ओमप्रकाश नारायण, प्रमोद प्रभाकर, संजय कुमार, मिथिलेश कुमार झा, रामलाला सिंह और रौशन कुमार सिन्हा सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डी राजा का आरोप – चुनाव आयोग ने की लोकतंत्र की हत्या
पटना पहुंचते ही डी राजा ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान (SIR) के नाम पर लोकतंत्र की हत्या की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि हालिया चुनावों में लाखों फर्जी वोट जोड़े गए और गरीब, दलित, पिछड़े तथा अल्पसंख्यकों के नाम जानबूझकर काट दिए गए।
डी राजा ने कहा – “यह शर्मनाक वोट चोरी चुनाव आयोग की मिलीभगत से हुई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा को इसका सीधा लाभ मिला।”
गांधी मैदान तक निकलेगा भाकपा का जत्था
भाकपा राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने बताया कि 1 सितंबर को सुबह 9 बजे जनशक्ति परिसर से भाकपा का जत्था निकलेगा और गांधी मैदान पहुंचेगा।
इस जुलूस का नेतृत्व डी राजा, राष्ट्रीय सचिव व पूर्व सांसद नागेन्द्र नाथ ओझा, राष्ट्रीय सचिव एनी राजा और राज्य सचिव मंडल के सदस्य करेंगे।

65 लाख मतदाता सूची से गायब – पाण्डेय
रामनरेश पाण्डेय ने दावा किया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के बाद प्रकाशित सूची से 65 लाख मतदाताओं के नाम गायब कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि गरीबों, दलितों, अल्पसंख्यकों, प्रवासी मजदूरों और वंचित वर्गों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से बाहर करने की सुनियोजित साजिश है।
उन्होंने कहा, “मताधिकार से वंचित करना संविधान का उल्लंघन और लोकतंत्र की हत्या है। 1 सितंबर की गांधी मैदान रैली लोकतंत्र बचाने का बिगुल साबित होगी।”
