अम्बा औरंगाबाद। बाइक सवार तीन हथियारबंद लुटेरे बंधन बैंक के कर्मी से इकहत्तर हजार छियासठ रुपये लूट कर फरार हो गये। यह घटना बुधवार की दोपहर अंबा थाना क्षेत्र के छकनबाग गांव में मदरसा के समीप घटित हुई। पीड़ित बैंक कर्मी अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि वे अंबा के कई समूह से पैसे इकट्ठा कर छकनबाग के चांद समूह से पैसों का कलेक्शन करने पहुंचे थे। समूह की सभी महिलाओं ने पैसे दे दिए लेकिन एक महिला ने पैसा जमा नहीं किया। जिसके कारण वे पैसे लेने उसके गये थे। वहां से वापस लौट रहे थे इसी क्रम में ब्लू रंग की अपाची बाइक पर सवार तीन लोगों ने पीछे से आकर उनके बैग को पकड़ लिया और मारपीट कर पैसे छीन लिये। उन्होंने बताया कि तीनों लुटेरों ने चेहरे को काले कपड़े से ढंक रखा था। उनमें से दो लोगों के पास पिस्टल भी था। घटना को अंजाम देकर वे लोग पिस्टल लहराते हुए नेशनल हाईवे 139 की तरफ भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम और अंबा थाना के एसआई राजा कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचें और पीड़ित से पूछताछ की। अंबा थाना अध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर लुटेरों के पहचान के लिए आसपास का सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।
