चेक पोस्ट को धत्ता बताकर पुलिस कर्मियों के सामने से निकल जा रहे शराब तस्कर
क्या चेक पोस्ट पर होता है पैसों का खेल??
अंबा औरंगाबाद। नेशनल हाईवे 139 पर एरका – कॉलोनी के समीप मध निषेध इकाई के चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मी ड्यूटी के नाम पर महज खाना पूर्ति करने में लगे हुए हैं। शराब तस्कर आसानी से उनकी आंखों में धूल झोंककर नेशनल हाईवे के रास्ते निकल जा रहे हैं। पिछले कुछ महीनो में अंबा और कुटुंबा थाना की पुलिस ने शराब और स्प्रिट की कई बड़ी खेप जप्त की है, जिसमें तस्कर चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर निकल चुके थे। सोमवार को एक ऐसा ही वाक्या सामने आया जिसमें तस्कर चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस कर्मियों के आंखों के सामने से शराब की खेप लेकर निकल गया परंतु वह चेक पोस्ट से महज़ दो सौ मीटर आगे बढ़ा ही था कि अंबा थाना की पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तस्कर की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के कुशा गांव निवासी उपेंद्र यादव के रूप में हुई है। तस्कर बैटरी वाले स्कूटी पर सवार था और उसने स्कूटी में 300 एमएल की डेढ़ सौ बोतल टनाका देसी शराब छुपा रखी थी। प्रभारी थानाध्यक्ष सुमित सुमन ने बताया कि कुल 45 लीटर देसी शराब जप्त हुई है। संशोधित मध निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
