ईरान का क़तर में अमेरिकी बेस पर बैलिस्टिक मिसाइल हमला

नई दिल्ली: ईरान ने कतर में अमरीका और उसके सहयोगी बल द्वारा संचालित अल उदेद एयर बेस पर सोमवार को बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया। ईरान ने हाल में अपने परमाणु ठिकानों पर अमरीकी बमबारी के प्रतिशोध के रूप में इसे अंजाम दिया। दोहा के दक्षिण-पश्चिम में स्थित पश्चिम एशिया में सबसे बड़े अमरीकी सैन्य ठिकाना अल उदेद एयर बेस ही ईरानी हमले का प्राथमिक निशाना था। ऐसी रिपोर्टें भी मिली हैं कि ईरान ने इराक में ऐन अल-असद बेस को भी निशाना बनाया।

Iran launches ballistic missile

     क़तर और अमरीकी अधिकारियों ने हमलों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं दी है। क़तर ने कहा कि बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के कारण एहतियात के तौर पर बेस को पहले ही खाली करा दिया गया था और उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने हमलावर मिसाइलों को विफल कर दिया।

             एक अमरीकी रक्षा अधिकारी ने पुष्टि की है कि अल उदेद एयर बेस पर ईरान ने कम और मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। यह हमला क़तर द्वारा अपने हवाई क्षेत्र बंद करने और अमरीकी दूतावास द्वारा अपने नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर रहने के निर्देश के कुछ घंटों बाद हुआ। पर्यवेक्षकों ने क़तर के ऊपर आसमान में इंटरसेप्टर और हमलावर बैलिस्टिक मिसाइलों के बीच संघर्ष देखी। 

         “अमरीकी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ईरान द्वारा दागी गई कोई भी बैलिस्टिक मिसाइल क़तर के अल उदेद एयर बेस के अंदर नहीं गिरी जो खुफिया और रक्षात्मक प्रणालियों की प्रभावशीलता का स्पष्ट संकेत है।

  ईरान के मिसाइल हमले की पूरे पश्चिम एशिया और अन्य देशों ने कड़ी निंदा की है। बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र, मोरक्को, जॉर्डन, लेबनान, तुर्की, यमन और फिलिस्तीन सहित सभी देशों ने क़तर में ईरान के हमले की निंदा की है।

          क़तर के गृह मंत्रालय ने अपने निवासियों को स्थिर सुरक्षा स्थिति का आश्वासन दिया है जबकि अमरीकी विदेश विभाग ने खराब स्थिति का हवाला देते हुए अपने निवासियों को कुवैत की यात्रा संबंधी चेतावनी जारी की है।

     इस संकट से विमानन उद्योग परेशानी में घिर गया है। एयर इंडिया ने पश्चिम एशिया के लिए सभी उड़ान तत्काल निलंबित करने की घोषणा की है। ”

         बढ़ते तनाव के बीच एहतियाती सलाह जारी की गई है। क़तर में भारतीय दूतावास ने प्रवासी भारतीयों को घर में ही रहने, स्थिति में शांत रहने और क़तर के अधिकारियों के निर्देश का पालन करने को कहा है। बहरीन, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात ने क़तर एयर बेस पर ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद अपने हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद करने के बाद फिर से उन्हें खोल दिए हैं। अमरीकी विदेश विभाग ने इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष का हवाला देते हुए कुवैत की यात्रा पर  चेतावनी जारी की है। अमरीकी दूतावास ने अपने कर्मियों से अधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है साथ ही मिशन के कर्मचारियों को कैंप आरिफजान, कैंप ब्यूहरिंग, अली अल सलेम एयर बेस और कैंप पैट्रियट जाने पर अस्थायी प्रतिबंधों का पालन करने का निर्देश दिया है।

सोर्स- प्रसार भारती न्यूज सर्विस