पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज नालंदा जिले के राजगीर में राजगीर खेल अकादमी-सह-खेल विश्वविद्यालय में नवनिर्मित खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियों का जायजा लिया और बिहार पुलिस अकादमी का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

राजगीर खेल अकादमी में नई सुविधाओं का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने राजगीर खेल अकादमी में इंडोर हॉल नंबर-2, बास्केटबॉल कोर्ट, हैंडबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, और हॉकी प्रैक्टिस टर्फ का शिलापट्ट अनावरण व फीता काटकर लोकार्पण किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने इन सुविधाओं का निरीक्षण किया और गुब्बारा उड़ाकर समारोह को उत्सवपूर्ण बनाया।
निरीक्षण के दौरान खिलाड़ियों ने तालियों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया और कहा, “खूब मेहनत करें और देश का नाम रोशन करें।” मुख्यमंत्री ने ब्वॉयज और गर्ल्स हॉस्टल में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और अकादमी में उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियां
मुख्यमंत्री ने राजगीर में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेल मैदान और ट्रैक का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा, “राज्य खेल अकादमी में खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह सुनिश्चित करें कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन उच्च स्तर का हो।”
बिहार पुलिस अकादमी का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस अकादमी का दौरा किया, जहां उन्होंने स्वीमिंग पूल, मॉडल थाना, और क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। प्रयोगशाला में पहले से कार्यरत तीन लैब के अलावा चौथी लैब का शुभारंभ भी उन्होंने किया। इसके अलावा, उन्होंने पासिंग आउट परेड ग्राउंड का अवलोकन किया और जीविका दीदियों द्वारा पुलिस वर्दी सिलाई के कार्य की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “बिहार पुलिस अकादमी का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ किया गया है। यहां प्रशिक्षण की व्यवस्था को और बेहतर करें ताकि बिहार पुलिस के जवान और अधिकारी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।”
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, खेल मंत्री श्री सुरेंद्र मेहता, पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, विधायक कृष्ण मुरारी शरण, पूर्व विधायक सुनील सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर सिन्हा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, बिहार पुलिस अकादमी की निदेशक आर. मल्लार विजी, नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी भी मौजूद रहे।