एकल विद्यालय ने वितरित की पाठ्य सामग्री

मदनपुर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। एकल अभियान मदनपुर संच की मासिक बैठक स्थानीय धर्मशाला प्रांगण में संपन्न हुई।

बैठक में संच के तहत संचालित 30 केंद्रों के आचार्य शामिल हुए । इस दौरान एकल विद्यालय समिति द्वारा 30 केंद्रों के लिए पाठ्य सामग्री कॉपी, स्लेट, कलम तथा सचित्र कैलेंडर वितरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ब्रह्म कुमारी ओम शांति केंद्र देव की नेहा एवं समिति के प्रधान संरक्षक जितेंद्र सिंह ने संच की प्रशिक्षण प्रमुख बिंदु देवी को पाठ्य सामग्री भेंट की। विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार के प्रखंड प्रमुख हरि ओम द्वारा केंद्र से आए आचार्यों को पाठ्य सामग्री प्रदान की गई। अभियान के संच सचिव दिलीप कुमार गुप्ता ने कहा कि समयानुसार प्रत्येक केंद्र को एकल अभियान की ओर से संच के अधीनस्थ सभी केंद्रों को पाठ्य सामग्री दी जाती है ताकि प्रत्येक केंद्र में पठन-पाठन करने वाले छात्र छात्राओं की बौद्धिक क्षमता को ऊर्जा प्रदान की जा सके। साथ ही संच के सचिव दिलीप कुमार गुप्ता ने यह भी बताया कि आजादी का 75वां साल हो गया है। सभी अपने अपने केंद्रों, घरो पर 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा झंडा लगाये जो हमारे देश  का शान है।

अभियान की बैठक में उपस्थित ओम शांति केंद्र देव की नेहा बहन ने उपस्थिति को संबोधित करते हुए कहा कि आध्यात्मिक चेतना को जागृत करके ही हम मानवोचित गुणों का संवर्द्धन कर सकते हैं। बहन जी ने आध्यात्मिक ऊर्जा को ही भारत की अलौकिक शक्ति बताया और कहा कि इसी शक्तिपुंज के कारण ही भारत विश्व गुरु रहा है। हम सबों को इसी शक्तिपुंज को पुनः जागृत करके भारत को विश्व गुरु के सिंहासन पर आरूढ़ करना है। ओम शांति केंद्र की बहनों के द्वारा सभी आचार्य एवं भैया बहनों के कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर राष्ट्र रक्षा का संकल्प कराया गया। ओम शांति केंद्र से शीला, प्रियंका, स्वीटी, पुष्पा तथा धर्मेंद्र उपस्थित थे। एकल अभियान की ओर से बिंदु देवी ने ओम शांति की बहनों को एकल पुस्तिका भेंट कर  सम्मानित किया। बैठक में समिति के कोषाध्यक्ष  देव नारायण प्रजापति, रौशनी कुमारी, किरण देवी, रेणू देवी, कंचन देवी, संगीता कुमारी, सुनीता देवी, करिश्मा, प्रीति कुमारी, सुनैना देवी, नितेश कुमार एवं अन्य आचार्य उपस्थित थे।