विश्व प्रसिद्ध सौर तीर्थस्थल देव में अचला सप्तमी पर सूर्यदेव की हुई विशेष पूजा, भव्यता के साथ निकली रथयात्रा

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। कोरोना की तीसरी लहर में कोरोना के मामलों में कमी के बाद कोविड प्रतिबंधों में ढ़ील दिये जाने के बाद औरंगाबाद के विश्व प्रसिद्ध सौर तीर्थस्थल देव में भाष्कर का जन्मोत्सव अचला सप्तमी भव्यता के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

त्रेतायुगीन सूर्य मंदिर में सूर्यदेव की विशेष पूजा की गई। आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ किया गया। ब्रम्हा, विष्णु और महेश के तीन रुपों यानी उदयाचल सूर्य, मध्याचल सूर्य और अस्ताचल सूर्य के रुप में मंदिर में विद्यमान भगवान को भोग लगाया गया तथा श्रद्धालुओं और भक्तों के बीच प्रसाद वितरित किया गया।

इस दौरान सूर्य मंदिर की आकर्षक सजावट बरबस ही श्रद्धालुओं और भक्तों का मन मोह रही थी। इस मौके पर शास्त्रोक्त विधि से पूजा पाठ के बाद सूर्यनारायण रथ यात्रा भी निकाली गई। रथ यात्रा देव किला से आरंभ होकर देव बाजार, देव गोदाम, चैरसिया नगर, बरई बीघा, देव हाई स्कूल होते हुए पुनः देव किला आकर समाप्त हुआ।

रथ यात्रा में श्रद्धालुओं एवं भक्तों का भारी जुटान दिखा और समूची देव नगरी सूर्य भक्ति के धार्मिक-आध्यात्मिक रंगों से सराबोर नजर आई। इस दौरान सूर्यकुंड के पास मध्याह्न आरती भी की गई। इस खास अवसर पर देववासियों ने नमक के सेवन से परहेज किया। अपने घरों को सजाया, रंगोली बनाईं, दीपक जलाया और धुमधाम से सूर्य जन्मोत्सव मनाया।