बिहार की डबल इंजन की सरकार को बदलना होगा, झूठ और फरेब वालों से सावधान रहें : कन्हैया कुमार

कटिहार (लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। जिले के प्राणपुर विधानसभा से महागठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी मो. तौकीर आलम के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने कहा कि देश की जो हालत है और जिसने इस देश को इस हालत में पहुंचाया है वैसे लोगों को अगर बदलना है तो बिहार के डबल इंजन की सरकार को बदलना होगा। तभी देश के हालात में बदलाव आएंगे। आजमनगर के थाना मैदान में प्राणपुर विधानसभा से कांग्रेस के महागठबंधन प्रत्याशी मो तौकीर आलम के पक्ष में वोट मांगने के क्रम कन्हैया कुमार ने उक्त बातें कही।

उन्होंने कहा कि झूठ और फरेब का सहारा लेकर देश में सत्ता हासिल करने वालों से सावधान हो जाना है। बिहार में अब समय आ गया है सरकार बदलने का। आपको बहकाने के प्रयास करने वालों से सावधानी बरतनी है। कन्हैया ने कहा कि आज बिहार की स्थिति बहुत खराब हो गई है। नीतीश कुमार के शासन में एक भी कल कारखाने नहीं लगे। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि हेलिकॉप्टर से उड़ने वालों को जमीनी हकिकत कहां पता होता है। हम तो रोड़ पर चलते हैं। कटिहार आते समय यह पता हीं नहीं चलता है कि सड़क में गड्‌ढ़ा है या गड्‌ढे में सड़क। उन्होंने कहा कमोबेश यही स्थिति पूरी बिहार के सड़कों की बनती जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कन्हैया ने कहा कि आज कल मोदी जी बिहार में हैं। लोगों को पुरानी बातें याद दिला रहे हैं लेकिन रोजगार की बात नहीं कर रहे।

कार्यक्रम को कांग्रेस सहित महागठबंधन के कई नेताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में मुखिया आले रसूल, हसन आरजू, अनिफुल ऊदुल, रिजवान अहमद, मतीन अंसारी, बंगाल से हरिशचंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मो मुश्ताक आलम, मारुफ आलम आदि सहित हजारों की संख्या में कन्हैया कुमार को सुनने के लिए लोग थाना मैदान में उपस्थित रहे।