जानिए कौन हैं हरीश द्विवेदी जिसे भाजपा ने बनाया बिहार का प्रभारी

पटना (लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में बिहार के कई चेहरों को जगह मिली है‚ जबकि कई का पत्ता साफ हो गया है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री बने भूपेंद्र यादव की जगह बिहार इकाई के सह प्रभारी व बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी को प्रोन्नति देकर बिहार भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा के अंदर संगठन गढ़ने वाले युवा नेताओं में हरीश की गिनती होती है। हरीश द्विवेदी भारत की सोलहवीं लोकसभा के सांसद हैं। २०१४ के चुनावों में वे उत्तर प्रदेश की बस्ती सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर निर्वाचित हुए।

वहीं पश्चिमी चंपारण के रामनगर से विधायक भागीरथी देवी का भी पार्टी ने कद बढ़ा दिया है। भागीरथी को पहली बार राष्ट्रीय कार्यसमिति में जगह मिली है‚ जबकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर मोतिहारी के सांसद राधा मोहन सिंह भी कार्यसमिति के सदस्य हैं। बिहार–झारखंड के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र जी और बिहार के संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया‚ केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह‚ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय‚ पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद को कार्यसमिति में जगह दी गई है।

वहीं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे़य‚ पूर्व मंत्री सह विधायक नंद किशोर यादव और प्रेम कुमार आमंत्रित सदस्य बनाये गए हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी‚ विधान पार्षद संजय मयूख और गुरु प्रकाश पासवान को राष्ट्रीय कार्यसमिति में जगह मिली है।

(आप हमें फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप ग्रुप पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)