अगली बार सत्ता में आने पर बनाएंगे नये अनुमंडल और प्रखंड, नबीनगर बनेगा पहला सबडिविजन : नीतीश कुमार

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज़ 18 )जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि पुनः सत्ता में आने पर राज्य में नये अनुमंडल और प्रखंड सृजित किये जाएंगे। श्री कुमार ने शनिवार को नबीनगर के अनुग्रह स्टेडियम में जदयू प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार सिंह के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में जनसमूह द्वारा नबीनगर को अनुमंडल बनाने की उठाई गयी मांग पर मंच से प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगली बार जब उनकी सरकार बनेगी तो राज्य में नये अनुमंडल और प्रखंड बनाये जायेंगे। इस प्रक्रिया में नवीनगर सबसे पहला अनुमंडल बनेगा। कहा कि नये अनुमंडल और प्रखंड बनाये जाने से सरकारी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने के साथ ही लोगों को भी सहुलियत होगी। उन्होने लालू-राबड़ी शासनकाल को भी निशाने पर लिया। कहा कि 15 साल के शासन में पति पत्नी ने क्या किया?किसके लिए किया? जो किया उसी के वजह से अंदर है, और भी लोग अंदर जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सुशासन का अपना पुराना राग भी अलापा। कहा कि जब बिहार उनके हाथ में आया था, तब बिहार पूरी तरह से बर्बाद था। जातीय दंगे और नरसंहार का दौर था। उनकी सरकार ने समाज में शांति का माहौल कायम किया। उन्होंने कहा कि 2005 में ही उन्होंने न्याय के साथ विकास की बात कही थी। उसी के तर्ज पर बिहार के उत्थान का काम किया गया। सीएम ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था स्थापित किया गया। कहा कि केंद्र सरकार की ओर से 2018 में प्रकाशित अपराध के मामलों से जुड़ी सूची में बिहार को 23वां स्थान मिला है और राज्य में आपराधिक मामलों में कमी आई है। राज्य में प्रति व्यक्ति आमदनी की दर में हर वर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह आंकड़ा हमारा नही केंद्र सरकार की ओर से जारी किया गया है।सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि अगर राज्य के लोगों को खुले में शौच से मुक्ति मिल जाए और स्वच्छ पानी मिल जाए तो अधिकांश बिमारी से लोगों को निजात मिल सकता है और ऐसा हमने किया है। ओडीएफ से लेकर हर घर नल जल और जल जीवन हरियाली पर हमने काम किया है। कहा कि छात्राओं को हमने साइकिल दिया, जिससे छात्राएं ज्यादा संख्या में पढ़ाई को निकलने लगी। वहीं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह जीविका का गठन किया, जिसके तहत 10 लाख स्वयं सहायता समूह का निर्माण करवाया है। इसके अलावा बिहार पुलिस में महिलाओं की भर्ती के लिए 35 प्रतिशत का आरक्षण दिया।  वही पंचायत चुनावों में भी महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया गया। मुख्यमंत्री ने जनसमूह से नबीनगर से जदयू प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार सिंह और कुटुंबा से हम प्रत्याशी श्रवण भुंइया को विजयी बनाने की भी अपील की।चुनावी सभा में जदयू के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी और काराकाट के सांसद महाबली सिंह भी मौजूद रहे। सभा की अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने की।