म्यूटेशन के मामले में सावधानी बरते सभी सीओ, 60 दिन से अधिक की पेंडेंसी को करे शून्य : एडीएम

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा ने गुरूवार को समाहरणालय सभागार में सभी अंचल अधिकारियों के साथ राजस्व की समीक्षा बैठक की। बैठक में अपर समाहर्ता ने कहा कि रेंट कलेक्शन का टारगेट आ गया है जिसे सभी अंचल अधिकारियों को प्रतिवेदित कर दिया गया है। रेंट के लिए रसीद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, जिसे प्राप्त कर ले। साथ ही राजस्व कलेक्शन का टारगेट प्राप्त करने का भी निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि म्यूटेशन के मामले में सतर्क रहें एवं सावधानी बरते ताकि समय सीमा से ज्यादा म्यूटेशन के मामले लंबित न रहे। साथ ही 60 दिन से अधिक वाले म्यूटेशन की पेंडेंसी को शून्य करने का भी निर्देश दिया। इसके बाद जमाबंदी के डिजिटाइजेशन के संबंध में आंकड़ों का आंकलन कर बचे हुए जमाबंदी का डिजिटाइजेशन करने का निर्देश दिया। उन्होने परिमार्जन पोर्टल पर प्रगति की समीक्षा के क्रम में औरंगाबाद, दाउदनगर, गोह, हसपुरा एवं बारुण अंचल के सीओ को केसेस को डिस्पोजल करने में प्रगति लाने का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी अंचल अधिकारियों को कब्रिस्तान की घेराबंदी हेतु विहित प्रपत्र में प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया।

बताया गया कि औरंगाबाद, दाउदनगर, नबीनगर, मदनपुर एवं रफीगंज में डाटा सेंटर को पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही गोह, हसपुरा, बारुण एवं ओबरा में भी डाटा सेंटर बनाने का प्रस्ताव प्राप्त है जिसके द्वारा विभाग द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके बाद सभी अंचलों में सेवांत लाभ के मामलों को अविलंब निष्पादित करने का निर्देश दिया। बैठक में सदर भूमि सुधार उप समाहर्ता अविनाश कुमार सिंह, दाउदनगर के भूमि सुधार उप समाहर्ता संजय कुमार, वरीय उप समाहर्ता कृष्णा कुमार, वरीय उप समाहर्ता अनीशा भारती, सहायक आपदा प्रभारी मणिकांत कुमार, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।