जलजमाव की समस्या के निदान के लिए देव के चौरसिया नगर के नागरिकों ने की सांसद से गुहार

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। देव प्रखंड के चौरसिया नगर में व्याप्त जलजमाव के निदान को लेकर शुक्रवार को भाजपा के जिला मंत्री आलोक कुमार सिंह के साथ दीपक कुमार सिंह, धर्मदेव यादव, अनिल कुमार सिंह ने औरंगाबाद के सांसद सुशील कुमार सिंह से मिलकर समस्या से अवगत कराया। आलोक सिंह ने सांसद को बताया कि चौरसिया नगर में जलजमाव के चलते लगभग 30-40 बीघा जमीन पिछले दो साल से डूब क्षेत्र में तब्दील हो गयी है।

चौरसिया नगर से हरिकीर्तन बिगहा जाने वाले रास्ते पर पानी का बहाव हो रहा है रास्ता कटने की स्थिति में है। रास्ता कटने से इस क्षेत्र के लोगो को आवागमन में भी असुविधा होगी। जल जमाव का कारण है कि पानी के नैसर्गिक बहाव के सभी रास्ते को बंद कर दिये जाने से स्थिति भयावह हो गया है। साथ ही सुदीबिगहा, सरब बिगहा के किसानों की खेती भी प्रभावित हो रही हैं। सांसद से जल निकासी का स्थायी समाधान कराने के लिये आग्रह किया गया। सांसद ने देव नप के कार्यपालक पदाधिकारी को फोन कर देव के चौरसिया नगर की समस्या का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।

सांसद के निर्देश पर चौरसिया नगर के जल जमाव को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार से कार्यालय कक्ष में भी मिल कर सभी निस्तारण बिंदुओं से अवगत कराया गया। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि मंगलवार को तकनीकी अभियंता को लेकर प्रभावित स्थल का मुआयना कर समस्या का समाधान कराया जायेगा। इस दौरान जिला मंत्री आलोक कुमार सिंह ने कार्यपालक पदाधिकारी से आग्रह किया कि देव में जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र का निस्तारण शीघ्र ही कराया जाये। साथ ही देव में सभी पोल पर स्टैंड लाइट की व्यवस्था किया जाये। इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी ने विभागीय स्तर से स्वीकृति लेने की बात कही।