शहनवाज समेत भाजपा के 9 व जदयू के 8 मंत्रियों ने ली शपथ, देखिये किसे मिला कौन सा विभाग

  • राज्यपाल ने बिहार मंत्रिपरिषद् के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई

पटना(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। राज्यपाल ने आज बिहार मंत्रिपरिषद् के 17 सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ-ग्रहण-समारोह राजभवन परिसर स्थित राजेन्द्र मंडप में आज अपराह्न 12ः30 बजे से आयोजित किया गया था।
बिहार मंत्रिपरिषद् के सदस्य के रूप में आज सैयद शाहनवाज हुसैन, श्रवण कुमार, मदन सहनी, प्रमोद कुमार, संजय कुमार झा, लेशी सिंह, सम्राट चैधरी, नीरज कुमार सिंह, सुबाष सिंह, नितिन नवीन, सुमित कुमार सिंह, सुनील कुमार, नारायण प्रसाद, जयंत राज, आलोक रंजन, मो॰ जमा खान एवं जनक राम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

शपथ-ग्रहण-समारोह में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, माननीय उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, बिहार विधान सभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार सरकार के कई माननीय मंत्रिगण, पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम माँझी, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद डाॅ॰ संजय जायसवाल, पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं लोकसभा सांसद राजीव प्रताप रूडी, सांसदगण-विधायकगण-विधान पार्षदगण, बिहार के कई पूर्व मंत्रिगण, विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि-पदाधिकारीगण, विभिन्न आयोगों, समितियों, निकायों के अध्यक्ष, सदस्यगण, राज्य सरकार के वरीय अधिकारीगण, राजनीतिक दलों के नेता, गणमान्य अतिथिगण आदि भी उपस्थित थे।
महामहिम राज्यपाल ने मुख्यमंत्री, बिहार की सलाह पर मंत्रियों के बीच विभागों को भी आवंटित करने का आदेश निर्गत कर दिया है।

इसके मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन एवं ऐसे सभी विभाग जो किसी को आवंटित नही हैं रहेंगे। तारकिशोर प्रसाद, उप मुख्यमंत्री को वित्त, वाणिज्य कर एवं नगर विकास एवं आवास विभाग, श्रीमती रेणु देवी, उप मुख्यमंत्री को आपदा प्रबंधन एवं पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, विजय कुमार चैधरी को शिक्षा एवं संसदीय कार्य विभाग, बिजेन्द्र प्रसाद यादव को ऊर्जा तथा योजना एवं विकास विभाग, मुकेश सहनी, माननीय मंत्री को पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, मंगल पाण्डे को स्वास्थ्य विभाग, अमरेन्द्र प्रताप सिंह को कृषि विभाग की जिम्मेवारी मिली है।

डाॅ॰ रामप्रीत पासवान को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, जिवेश कुमार को श्रम संसाधन तथा सूचना प्रावैधिकी विभाग, रामसूरत कुमार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, सैयद शाहनवाज हुसैन को उद्योग विभाग, श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास विभाग, मदन सहनी को समाज कल्याण विभाग, प्रमोद कुमार को गन्ना उद्योग एवं विधि विभाग, संजय कुमार झा को जल संसाधन तथा सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, श्रीमती लेशी सिंह को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, सम्राट चौधरी को पंचायती राज विभाग, नीरज कुमार सिह को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, सुबाष सिंह को सहकारिता विभाग, नितिन नवीन को पथ निर्माण विभाग, सुमित कुमार सिंह को विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग, सुनील कुमार को मद्य निषेद्य, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, नारायण प्रसाद को पर्यटन विभाग, जयंत राज को ग्रामीण कार्य विभाग, आलोक रंजन को कला संस्कृति एवं युवा विभाग, मो॰ जमा खान को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग तथा जनक राम को खान एवं भूतत्व विभाग आवंटित किया गया है।