आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर जिले में बनेंगे 75 अमृत सरोवर

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। आजादी के 75 साल के उपलक्ष्य में भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा प्रत्येक जिले में एक एकड़ या उससे अधिक के 75 तालाबों का निर्माण-जीर्णोदार कराने का निर्देश दिया गया है।

डीपीआरओ कृष्णा कुमार ने बताया कि ये तालाब अमृत सरोवर के नाम से जाने जाएंगे। इसका न्यूनतम क्षेत्रफल 1 एकड़ और जल धारण क्षमता 1000 घन मीटर होगा। इसके किनारे नीम, पीपल और बरगद के पेड़ लगाए जाएंगे। प्रत्येक अमृत सरोवर के लिए दो पंचायत पदाधिकारी मनोनीत किए जाएंगे।

इनमें से एक उस पंचायत के विशिष्ट व्यक्ति होंगे जो उस पंचायत के शहीद परिवार के प्रतिनिधि, राष्ट्रीय-राजकीय सम्मान प्राप्त व्यक्ति या उनके परिवार के प्रतिनिधि अथवा पंचायत के जनप्रतिनिधि रहेंगे। इस अभियान का मूल उद्देश्य आजादी के महान स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को याद रखना एवं उन्हें सम्मान प्रदान करना है। औरंगाबाद जिले में 75 अमृत सरोवर का निर्माण कार्य किया जाना है। इस हेतु स्थलों का सर्वेक्षण कार्य कराया जा रहा है।