सघन मास्क जांच अभियान में 25 हजार की जुर्माना वसूली

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद जिले में कोविड गाइडलाइन के तहत लगातार सघन मास्क जांच अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही आम जनों के बीच कोरोना के संक्रमण को रोकने हेतु मास्क का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में मास्क जांच अभियान में औरंगाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार द्वाराबगैर मास्क लगाए 33 व्यक्तियों से कुल 1650 रुपए का अर्थदंड वसूल किया गया। वही दाउदनगर की अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम सिंह द्वारा 05 व्यक्तियों से 250 का अर्थदंड वसूल किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि उनके द्वारा बगैर मास्क लगाए पांच लोगो से 250 रुपए का अर्थदंड वसूल किया गया।

इसके साथ ही सदर अनुमंडल अंतर्गत सभी थानों द्वारा कुल मिलाकर 360 लोगों पर 18000 रुपए का फाइन किया गया। इसके अतिरिक्त दाउदनगर अनुमंडल अंतर्गत सभी थानों द्वारा 102 लोगों पर 5100 रुपए का मास्क फाइन किया गया। इस तरह कल चलाए गए सघन मास्क जांच अभियान में कुल 505 व्यक्तियों से 25250 की राशि फाइन के तौर पर वसूल की गई है। इसके साथ ही सभी प्रखंडों में जीविका द्वारा निर्मित मास्क का वितरण भी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से कराया जा रहा है तथा अधिकाधिक लोगों को मास्क का उपयोग करने हेतु जागरूक भी किया जा रहा है।