# कल्पवृक्ष धाम के संरक्षण और विकास के लिए उठी आवाज, चारदीवारी निर्माण को एमएलसी ने दिए 4 लाख

- Link: https://liveindianews18.in/voice-raised-for-the-conservation-and-development-of-kalpavriksha-dham-mlc-gave-4-lakhs-for-the-construction-of-boundary-wall/
- Published: 2026-11-23T18:11:15+05:30
- Author: Manoj Pandey

**दो दिवसीय कल्पवृक्ष महोत्सव का भव्य शुभारंभ, पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने
और राजकीय दर्जा दिलाने का मिला भरोसा**

** अंबा (औरंगाबाद)।** कुटुंबा प्रखंड के परता स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक श्री कल्पवृक्ष
धाम कृष्णपुरी ठाकुरबाड़ी परिसर सोमवार को भक्ति, संस्कृति और विकास की मांगों से गुलजार
रहा। यहां दो दिवसीय कल्पवृक्ष महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में धाम
के संरक्षण, सुरक्षा और विकास के साथ इसे पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने की जोरदार
मांग उठी।

महोत्सव का उद्घाटन विधान पार्षद दिलीप सिंह, महोत्सव संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजीव 
कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह, भाजपा नेता उज्ज्वल कुमार, पैक्स अध्यक्ष
अभिजीत कुमार सिंह, पूर्व जिला पार्षद अजय भुईयां, अमित कुमार एवं देवेंद्र कुमार बसु
ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधान पार्षद दिलीप सिंह ने धाम की चारदीवारी निर्माण के
लिए चार लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कल्पवृक्ष धाम का पौराणिक और 
ऐतिहासिक महत्व है। ऐसे धरोहर स्थलों का संरक्षण और संवर्धन सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने तथा कल्पवृक्ष महोत्सव को राजकीय 
दर्जा दिलाने के लिए सरकार के स्तर पर पहल करने का भरोसा दिया।

वहीं, महोत्सव संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि महोत्सव को राजकीय
दर्जा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से मिलकर पहल की जाएगी। उन्होंने धाम की ऐतिहासिक 
पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

**सुथनिया मेले से जुड़ी है सदियों पुरानी परंपरा**

कल्पवृक्ष धाम में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाला सुथनिया मेला पूरे क्षेत्र
में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार यहां सैकड़ों वर्षों 
से मेले का आयोजन होता आ रहा है। महोत्सव के जरिए इस पौराणिक और धार्मिक स्थल को व्यापक
पहचान दिलाने के साथ इसके समग्र विकास की मांग को भी मजबूती दी जा रही है।

महोत्सव के पहले दिन साइकिल रैली निकाली गई। इसके बाद ‘कल्पवृक्ष धाम की महत्ता एवं
विकास’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित हुई। मंगलवार को सुबह 10 बजे से स्थानीय कलाकारों
की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इसके साथ ही अतिथियों का संबोधन भी निर्धारित है।

कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, सचिव धर्मेंद्र मालाकार, कोषाध्यक्ष
विरेंद्र कुमार पाण्डेय, प्रवक्ता शैलेंद्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण,
श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

### Share this:

 * [  X ](https://liveindianews18.in/voice-raised-for-the-conservation-and-development-of-kalpavriksha-dham-mlc-gave-4-lakhs-for-the-construction-of-boundary-wall/?share=twitter)
 * [  Facebook ](https://liveindianews18.in/voice-raised-for-the-conservation-and-development-of-kalpavriksha-dham-mlc-gave-4-lakhs-for-the-construction-of-boundary-wall/?share=facebook)
 * [  Telegram ](https://liveindianews18.in/voice-raised-for-the-conservation-and-development-of-kalpavriksha-dham-mlc-gave-4-lakhs-for-the-construction-of-boundary-wall/?share=telegram)
 * [  WhatsApp ](https://liveindianews18.in/voice-raised-for-the-conservation-and-development-of-kalpavriksha-dham-mlc-gave-4-lakhs-for-the-construction-of-boundary-wall/?share=jetpack-whatsapp)

### Like this:

Like Loading…
