# भोजपुर में बेटे की हत्या की साजिश में मां गिरफ्तार, प्रेमी समेत तीन पर आरोप

- Link: https://liveindianews18.in/mother-arrested-for-conspiracy-to-kill-son-in-bhojpur-charges-against-three-including-boyfriend/
- Published: 2026-11-01T21:40:33+05:30
- Author: Central Desk

* **प्रेम संबंध का विरोध करने पर 14 वर्षीय मोहित राज को रास्ते से हटाने की रची 
   थी साजिश, गला घोंटकर हत्या के बाद करहा के पास फेंका था शव**

**आरा**: भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के करथ-दुर्गपुर गांव में 14 वर्षीय मोहित
राज हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार, बेटे की हत्या की साजिश
में उसकी मां भी शामिल थी। मां के प्रेम संबंध का विरोध करने पर मोहित को रास्ते से
हटाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की मां को गिरफ्तार कर लिया
है। वहीं, उसके प्रेमी संतोष कुमार सिंह समेत दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए
छापेमारी की जा रही है।

![](https://liveindianews18.in/wp-content/uploads/2026/11/1003810853-877x1024.avif)

रविवार को पीरो एसडीपीओ ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक की मां का दुर्गपुर
गांव निवासी संतोष कुमार सिंह से प्रेम संबंध था। मोहित इसका विरोध करता था। इस बात
को लेकर मां और बेटे के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में मां
ने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची थी। इसके बाद संतोष सिंह ने दो 
अन्य लोगों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

## **करहा के पास मिला था शव**

घटना बीते 27 अक्टूबर की शाम की है। मोहित घर से करथ बाजार जाने के लिए निकला था। इसी
दौरान आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को करथ
गांव स्थित करहा के समीप फेंक दिया। 28 अक्टूबर की सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखा, 
जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

## **पिता ने दर्ज कराई थी नामजद प्राथमिकी**

मृतक के पिता ने संतोष कुमार सिंह समेत तीन लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज 
कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि संतोष अक्सर उनके घर आता था, जिसका मोहित विरोध
करता था। इसको लेकर पहले भी संतोष की ओर से धमकी दी गई थी। पिता ने बेटे की हत्या के
पीछे उसे रास्ते से हटाने की साजिश का आरोप लगाया था। पुलिस अब फरार आरोपितों की गिरफ्तारी
और हत्याकांड में उनकी भूमिका की जांच में जुटी है।

### Share this:

 * [  X ](https://liveindianews18.in/mother-arrested-for-conspiracy-to-kill-son-in-bhojpur-charges-against-three-including-boyfriend/?share=twitter)
 * [  Facebook ](https://liveindianews18.in/mother-arrested-for-conspiracy-to-kill-son-in-bhojpur-charges-against-three-including-boyfriend/?share=facebook)
 * [  Telegram ](https://liveindianews18.in/mother-arrested-for-conspiracy-to-kill-son-in-bhojpur-charges-against-three-including-boyfriend/?share=telegram)
 * [  WhatsApp ](https://liveindianews18.in/mother-arrested-for-conspiracy-to-kill-son-in-bhojpur-charges-against-three-including-boyfriend/?share=jetpack-whatsapp)

### Like this:

Like Loading…
