# LiveIndiaNews18

बिहार की तेज, भरोसेमंद और जमीनी खबरों का डिजिटल प्लेटफॉर्म

- Site: https://liveindianews18.in/

## यूपी में जदयू ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी का किया शंखनाद, संगठन विस्तार पर जोर

- Link: https://liveindianews18.in/jd-u-prepares-for-2027-assembly-elections-in-up-stresses-on-organisational-expansion/
- Published: 2026-11-01T20:17:08+05:30
- Author: Central Desk

* वाराणसी के कार्यकर्ता सम्मेलन में निशांत कुमार, श्रवण कुमार और संजय झा ने भरी
   हुंकार; चार से छह विधायक जिताने का लक्ष्य, गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत
   करने की अपील

**वाराणसी:** उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड(
जदयू) ने संगठन विस्तार की तैयारी तेज कर दी है। वाराणसी के करौता स्थित रामलीला मैदान
में रविवार को आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं
से अभी से चुनावी अभियान में जुटने का आह्वान किया। सम्मेलन में चार से छह विधायक जिताने
का लक्ष्य निर्धारित करते हुए बिहार के विकास माडल और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
की नीतियों को यूपी के गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

![](https://liveindianews18.in/wp-content/uploads/2026/11/WhatsApp-Image-2026-11-
01-at-18.47.02-1024x683.avif)

बिहार सरकार के मंत्री एवं यूपी प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व
में बिहार ने विकास और सुशासन की नई पहचान बनाई है। इसी मॉडल को उत्तर प्रदेश में भी
जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने निशांत कुमार को युवाओं की उम्मीद बताते हुए कार्यकर्ताओं
से उन्हें सहयोग और आशीर्वाद देने की अपील की।

## एनडीए के सहयोगी दल के रूप में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रयास करेगी जदयू

जदयू के नेता व बिहार स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि राजनीति पद और प्रतिष्ठा
हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का रास्ता है। सामाजिक न्याय, सुशासन, लोकतांत्रिक
मूल्य और समावेशी विकास जदयू की प्राथमिकता हैं। उन्होंने बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य,
सड़क, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख किया। पंचायतों
में महिलाओं को 50 प्रतिशत और सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण को महिला सशक्तिकरण
की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि जदयू एनडीए के सहयोगी दल के रूप में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने 
का प्रयास करेगी। इस संबंध में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर विचार-विमर्श जारी
है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों की समस्याएं उठाने और युवाओं के रोजगार के मुद्दे
पर जनता के बीच जाने की अपील की।

पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि 2027 का चुनाव यूपी
में जदयू के संगठन की परीक्षा होगी। चार से छह विधायक जिताने में सफलता मिलती है तो
प्रदेश में पार्टी के विस्तार को नई दिशा मिलेगी। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय
करना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने भी आगामी चुनाव में चार से छह विधायक जिताने का लक्ष्य
दोहराया। सम्मेलन में वाराणसी, गोरखपुर और गाजीपुर से आए सैकड़ों लोगों ने पार्टी की
सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में मंत्री जमा खान, सांसद कौशलेंद्र कुमार, सुनील कुमार, पूर्व मंत्री संतोष
कुमार निराला, अजीत चौधरी, विधायक अमरेंद्र पांडेय, राहुल सिंह और पूर्व सांसद विजय
मांझी समेत बिहार और उत्तर प्रदेश के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

[[

The post [यूपी में जदयू ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी का किया शंखनाद, संगठन विस्तार पर जोर](https://liveindianews18.in/jd-u-prepares-for-2027-assembly-elections-in-up-stresses-on-organisational-expansion/)
appeared first on [LiveIndiaNews18](https://liveindianews18.in).

## BBOSE में TOC के लिए 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, दो विषयों के अंक होंगे ट्रांसफर

- Link: https://liveindianews18.in/apply-for-toc-at-bbose-by-october-31-two-subject-marks-will-be-transferred/
- Published: 2026-10-25T21:51:38+05:30
- Author: Central Desk

**पटना :** बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) में ट्रांसफर ऑफ
क्रेडिट (टीओसी) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। आवेदन 
प्रक्रिया एक अक्टूबर से शुरू हुई थी। इसके तहत दूसरे मान्यता प्राप्त बोर्ड की परीक्षा
में असफल विद्यार्थी अपने अधिकतम दो विषयों के अंक बीबोस में स्थानांतरित करा सकते 
हैं। इससे उन्हें संबंधित विषयों की परीक्षा दोबारा नहीं देनी होगी।

![](https://liveindianews18.in/wp-content/uploads/2026/10/image-1-1024x576.avif)

## दो विषयों के अंक होंगे ट्रांसफर

टीओसी की सुविधा उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है, जिन्होंने किसी अन्य मान्यता प्राप्त
बोर्ड से परीक्षा दी है, लेकिन एक या अधिक विषयों में सफल नहीं हो सके हैं। नियमानुसार,
पूर्व बोर्ड के अधिकतम दो विषयों के अंक बीबोस में स्थानांतरित कराए जा सकते हैं। हालांकि,
इसके लिए निर्धारित पात्रता और दस्तावेजों की शर्तें पूरी करनी होंगी।

## पांच विषयों के लिए कराना होगा पंजीयन

आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को टीओसी के तहत स्थानांतरित होने वाले विषयों सहित कुल
पांच विषयों के लिए पंजीयन कराना होगा। इसके लिए पूर्व बोर्ड की अंकपत्र (मार्क्सशीट),
माइग्रेशन प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध रखने होंगे। पूर्व बोर्ड की मार्क्सशीट
पांच वर्ष से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए।

## 10वीं और 12वीं के समकक्ष परीक्षा कराता है बीबोस

बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड राज्य सरकार की ओर से स्थापित मान्यता
प्राप्त बोर्ड है। यह दसवीं और बारहवीं के समकक्ष परीक्षाएं आयोजित करता है। इसका उद्देश्य
ऐसे विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने का अवसर देना है, जो किसी कारण से नियमित शिक्षा
व्यवस्था के माध्यम से अपनी शैक्षणिक योग्यता पूरी नहीं कर सके हैं।

**महत्वपूर्ण तिथि:** टीओसी आवेदन की अंतिम तिथि — 31 अक्टूबर 2026।

[[

The post [BBOSE में TOC के लिए 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, दो विषयों के अंक होंगे ट्रांसफर](https://liveindianews18.in/apply-for-toc-at-bbose-by-october-31-two-subject-marks-will-be-transferred/)
appeared first on [LiveIndiaNews18](https://liveindianews18.in).

## नशामुक्त बिहार के लिए 27 अक्टूबर से महाअभियान, गांव-शहर से स्कूल-कॉलेज तक चलेगा जागरूकता कार्यक्रम

- Link: https://liveindianews18.in/maha-abhiyan-for-drug-free-bihar-from-27-october-village-city-to-school-college-awareness-programme/
- Published: 2026-10-25T21:20:22+05:30
- Author: Central Desk

**पटना :** बिहार को नशामुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार 27 अक्टूबर से एक महीने का 
विशेष महाअभियान शुरू करेगी। 26 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान का शुभारंभ मंगलवार को
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नशामुक्ति वाहिनी को हरी झंडी दिखाकर करेंगे। अभियान के तहत
शराब के साथ गांजा, स्मैक, चरस और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों
को जागरूक किया जाएगा।

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की ओर से चलाए जाने वाले इस अभियान में गांवों,
शहरों, पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों को शामिल किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य युवाओं
को नशे से दूर रखने और परिवार व समाज पर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना
है।

### छठ घाटों से पंचायतों तक पहुंचेगा नशामुक्ति का संदेश

नशामुक्त बिहार महाअभियान के दौरान सोशल मीडिया, रेडियो जिंगल, आडियो-वीडियो संदेश 
और नगर निगम के वाहनों पर पोस्टर-बैनर के माध्यम से प्रचार किया जाएगा। चौक-चौराहों
पर नुक्कड़ नाटक, मानव श्रृंखला और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रमुख स्थानों
पर नशामुक्त बिहार सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

छठ महापर्व के दौरान घाटों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को नशे से 
दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।

### जीविका दीदियां घर-घर जाकर करेंगी जागरूक

अभियान में जीविका दीदियों को नशामुक्ति मित्र की जिम्मेदारी दी गई है। वे घर-घर जाकर
महिलाओं और परिवारों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगी। ब्रह्माकुमारी
संस्था के सहयोग से जीविका के क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) और स्कूल-कॉलेजों में 
भी जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।

विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए वाद-विवाद, निबंध लेखन, कविता पाठ, पोस्टर
मेकिंग और खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।

### नशे के खिलाफ शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर

शराब और नशीले पदार्थों से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर**
15545 और 18003456268** जारी किए हैं। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के जरिए सरकार
नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और समाज की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश करेगी।

[[

The post [नशामुक्त बिहार के लिए 27 अक्टूबर से महाअभियान, गांव-शहर से स्कूल-कॉलेज तक चलेगा जागरूकता कार्यक्रम](https://liveindianews18.in/maha-abhiyan-for-drug-free-bihar-from-27-october-village-city-to-school-college-awareness-programme/)
appeared first on [LiveIndiaNews18](https://liveindianews18.in).

## पुलिस को देखते ही तेज रफ्तार में भागा चालक, कार छोड़ अंधेरे में हुआ गायब

- Link: https://liveindianews18.in/as-soon-as-he-saw-the-police-the-driver-ran-away-at-high-speed-left-the-car-and-disappeared-in-the-dark/
- Published: 2026-10-22T17:58:11+05:30
- Author: Manoj Pandey

# 520 लीटर अवैध स्प्रिट लदी कार जब्त, चालक फरार

 रिसियप थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-139 पर शिवन
बिगहा गांव के समीप धर्मकांटा के पास से **520 लीटर अवैध स्प्रिट लदी कार जब्त** की
है। पुलिस की भनक लगते ही चालक कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। पीछा किए जाने पर वह
कार को सड़क पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

रिसियप थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम एनएच-139 पर रात्रि गश्त और वाहन
जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया। चालक ने पुलिस
को देखकर वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो 
कुछ दूर आगे चालक कार छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें **नीले रंग के 13 प्लास्टिक गैलन** बरामद हुए। प्रत्येक
गैलन में 40 लीटर स्प्रिट भरी थी। इस तरह कुल **520 लीटर स्प्रिट** बरामद की गई। पुलिस
को आशंका है कि स्प्रिट का इस्तेमाल अवैध शराब तैयार करने अथवा उसकी तस्करी में किया
जाना था।

पुलिस ने कार और स्प्रिट को जब्त कर लिया है। फरार चालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के
तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान
की जा रही है। वहीं, फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की
जा रही है।

[[

The post [पुलिस को देखते ही तेज रफ्तार में भागा चालक, कार छोड़ अंधेरे में हुआ गायब](https://liveindianews18.in/as-soon-as-he-saw-the-police-the-driver-ran-away-at-high-speed-left-the-car-and-disappeared-in-the-dark/)
appeared first on [LiveIndiaNews18](https://liveindianews18.in).

## आजादी के बाद पहली बार रावघाट पहुंची ट्रेन, 1628 करोड़ की रेल परियोजना पूरी

- Link: https://liveindianews18.in/rail-project-worth-rs-1628-crore-completed-first-train-arrives-at-raoghat-since-independence/
- Published: 2026-10-20T21:54:10+05:30
- Author: Central Desk

* **रावघाट-रायपुर यात्री सेवा शुरू, किराया 55 रुपये; रायपुर में 300 इलेक्ट्रिक 
   इंजनों के रखरखाव केंद्र का शिलान्यास**

**बिलासपुर।** छत्तीसगढ़ के रेल विकास में मंगलवार को ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ी। आजादी
के बाद पहली बार ट्रेन रावघाट पहुंची। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय रेल 
मंत्री अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति में ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेल
लाइन का उद्घाटन किया गया। साथ ही रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद के बीच नई यात्री 
रेल सेवाएं शुरू की गईं। इस अवसर पर रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन रखरखाव केंद्र 
का शिलान्यास भी हुआ। रेल मंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल
हुए।

## 95 किमी रेल लाइन से औद्योगिक विकास को मिलेगी गति

दल्लीराझरा-रावघाट के बीच 1628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का
निर्माण पूरा हो गया है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर का अंतिम खंड पूरा
होने के साथ परियोजना का काम संपन्न हुआ।

![](https://liveindianews18.in/wp-content/uploads/2026/10/IMG-20261020-WA0034-1024x682.
avif)

रावघाट तक रेल संपर्क स्थापित होने से दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों
को आवागमन की सुविधा मिलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के अवसरों तक पहुंच
आसान होगी। साथ ही, रावघाट क्षेत्र से लौह अयस्क की ढुलाई को गति मिलने से भिलाई इस्पात
संयंत्र सहित लौह-इस्पात उद्योग को लाभ होगा। इससे माल परिवहन सुगम होने और क्षेत्र
में आर्थिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।

### रावघाट से रायपुर का किराया 55 रुपये

रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद यात्री रेल सेवाएं शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा
लोगों, किसानों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा। रावघाट से रायपुर तक यात्रा का किराया
55 रुपये निर्धारित किया गया है। राजधानी तक सीधी रेल सुविधा मिलने से इलाज, शिक्षा,
रोजगार और कारोबार के लिए आवागमन आसान होगा। किसानों को कृषि उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने
के लिए भी परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा।

### अभनपुर-कुरूद के बीच 22 किमी लाइन तैयार

केन्द्री-धमतरी और अभनपुर-राजिम गेज परिवर्तन परियोजना के तहत अभनपुर-राजिम खंड पर 
यात्री सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। अब अभनपुर-कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन
का आमान परिवर्तन पूरा हो गया है। कुरूद-धमतरी खंड पर काम जारी है। इसके पूरा होने 
से क्षेत्र में रेल संपर्क और मजबूत होगा।

### रायपुर में 300 इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव की सुविधा

रायपुर में प्रस्तावित इलेक्ट्रिक रेल इंजन रखरखाव केंद्र में भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर
इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित की जाएगी। इससे इंजनों की उपलब्धता और
रेल परिचालन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। यह सुविधा माल परिवहन की बढ़ती जरूरतों 
को पूरा करने में भी उपयोगी होगी।

### छत्तीसगढ़ को रेल बजट में 7000 करोड़ से अधिक

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परियोजनाओं के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष छत्तीसगढ़
को रेल बजट के तहत 7000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है, जिससे राज्य में रेल 
अवसंरचना के विस्तार को गति मिलेगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए 
कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। खरसिया-परमालकसा डबल लाइन परियोजना निर्माणाधीन
है, जबकि पेंड्रारोड-बिलासपुर-उसलापुर तीसरी रेल लाइन को मंत्रिमंडल की मंजूरी मिल 
चुकी है।

रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा, बृजमोहन अग्रवाल और रूपकुमारी
चौधरी तथा विधायक राजेश मूणत, पुरन्दर मिश्रा और मोतीलाल साहू मौजूद रहे। रावघाट स्टेशन
पर सांसद भोजराज नाग, विधायक विक्रम उसेंडी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

[[

The post [आजादी के बाद पहली बार रावघाट पहुंची ट्रेन, 1628 करोड़ की रेल परियोजना पूरी](https://liveindianews18.in/rail-project-worth-rs-1628-crore-completed-first-train-arrives-at-raoghat-since-independence/)
appeared first on [LiveIndiaNews18](https://liveindianews18.in).

## पटना गांधी मैदान में धू-धू कर जले रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद, जयश्रीराम से गूंजा पटना

- Link: https://liveindianews18.in/patna-smoke-burning-ravana-kumbhakarna-and-meghnad-at-gandhi-maidan-jayshriram-to-echo-patna/
- Published: 2026-10-20T19:09:34+05:30
- Author: Central Desk

* **90 फीट ऊंचे रावण, 85 फीट के कुंभकर्ण और 80 फीट के मेघनाद का हुआ दहन, लाखों 
   लोगों ने देखा विजयादशमी का भव्य आयोजन**

**पटना :** गांधी मैदान में मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर अधर्म, अहंकार और बुराई
के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। श्रीराम के बाण
चलाते ही 90 फीट ऊंचा रावण, 85 फीट का कुंभकर्ण और 80 फीट का मेघनाद आग की लपटों में
घिर गए। आतिशी नजारे के बीच पूरा गांधी मैदान जयश्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इस 
ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए लाखों की संख्या में लोग जुटे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों
तक में रावण दहन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

![](https://liveindianews18.in/wp-content/uploads/2026/10/WhatsApp-Image-2026-10-
20-at-17.49.14-1024x682.avif)

श्री दशहरा कमिटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल सैयद अता
हसनैन, नगालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री
विजय कुमार चौधरी समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने किया। मंच पर मौजूद अतिथियों ने धनुष
से बाण चलाकर रावण दहन की परंपरा निभाई। इसके साथ ही तीनों विशाल पुतलों में आग लग 
गई। कुछ ही देर में पुतले धू-धू कर जलने लगे और आसमान में उठती आग की ऊंची लपटों ने
लोगों का ध्यान खींच लिया।

### रावण की गर्जना और निकलते अंगारों ने बढ़ाया रोमांच

इस बार रावण दहन को आकर्षक बनाने के लिए विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया गया था। रावण
की आंखों से अंगारे निकलने और मुंह से आग की लपटें उठने का दृश्य लोगों के लिए खास 
आकर्षण रहा। उसके कानों और कंधों से निकलता रंगीन धुआं तथा लाइट और साउंड के प्रभाव
से गूंजती गर्जना ने आयोजन को और जीवंत बना दिया। मैदान में मौजूद वानर सेना के सदस्य
लगातार जयश्रीराम के नारे लगाते रहे।

तीनों पुतलों के जलते ही मैदान में तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारों का शोर गूंजने 
लगा। लोगों ने मोबाइल फोन से इस पल को कैमरे में कैद किया। कई दर्शकों ने मोबाइल की
फ्लैश लाइट जलाकर उत्सव के माहौल को और खास बना दिया। रावण दहन के दौरान गांधी मैदान
की रौनक देखते ही बन रही थी।

### सुरक्षा के लिए लगाए गए सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे

बड़ी संख्या में लोगों के जुटने को देखते हुए गांधी मैदान में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन
के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मैदान के चारों ओर सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए 
थे, जिनसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था
को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।

रावण दहन के इस आयोजन ने एक बार फिर विजयादशमी के मूल संदेश को सामने रखा कि अहंकार,
अन्याय और बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंत में सत्य और धर्म की ही 
विजय होती है। कार्यक्रम का मंच संचालन सोमा चक्रवर्ती ने किया। इस अवसर पर श्री दशहरा
कमिटी के अध्यक्ष अरुण कुमार, चेयरमैन कमल नोपानी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

[[

The post [पटना गांधी मैदान में धू-धू कर जले रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद, जयश्रीराम से गूंजा पटना](https://liveindianews18.in/patna-smoke-burning-ravana-kumbhakarna-and-meghnad-at-gandhi-maidan-jayshriram-to-echo-patna/)
appeared first on [LiveIndiaNews18](https://liveindianews18.in).

## पटना के अटल पथ पर बेकाबू स्कॉर्पियो का कहर, दो की मौत; चार घायल

- Link: https://liveindianews18.in/two-killed-four-injured-as-uncontrollable-scorpio-hits-patnas-atal-path/
- Published: 2026-10-19T18:53:22+05:30
- Author: Central Desk

* 80 मीटर तक पलटते हुए गई गाड़ी, दुर्गा पूजा का मेला देखकर लौट रहे किशोरों को रौंदा;
   स्कॉर्पियो पर लगा था जदयू का झंडा

**पटना:** राजधानी पटना के अटल पथ पर रविवार की रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कई लोगों
को कुचल दिया। हादसे के बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो पलटते हुए करीब 80 मीटर दूर जाकर
गिरी। दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज
के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसा पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में महेश नगर के पास हुआ।
दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का झंडा लगा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। आरोप है कि चालक लापरवाही
से गाड़ी चलाते हुए सड़क से गुजर रहे लोगों को अपनी चपेट में लेता चला गया। इसी दौरान
वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर घायल
लोग मदद के इंतजार में तड़पते रहे। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और
घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

## दुर्गा पूजा का मेला देखकर लौट रहे थे सात युवक

घायल रणवीर कुमार ने बताया कि वे सात युवक दुर्गा पूजा का मेला देखकर पैदल घर लौट रहे
थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटते हुए उनकी ओर आई और कई लोगों को अपनी चपेट
में ले लिया। रणवीर कुमार पटना के सहयोग अस्पताल के आइसीयू में भर्ती हैं।

सतेंद्र मिश्री ने बताया कि उनका बेटा दीपक कुमार राज रविवार शाम करीब 6:15 बजे घर 
से दुर्गा पूजा का मेला देखने निकला था। वह नौवीं कक्षा का छात्र था। हादसे की सूचना
परिवार को रात करीब 11:45 बजे पाटलिपुत्र थाने से मिली। सूचना मिलते ही स्वजन अस्पताल
पहुंचे।

## पांच घायलों की पहचान, सड़क पर बिखरा सामान

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। करीब 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे
घायल लोग पड़े मिले। स्कॉर्पियो के टूटे कांच और राहगीरों का सामान सड़क पर बिखरा था।
स्थानीय लोगों ने घायलों को उठाने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

घायल छह युवकों में रणवीर कुमार (15), मोहित कुमार (13), दीपक कुमार (14), पीयूष कुमार(
15) और अमरजीत कुमार (14) की पहचान हुई है। एक अन्य घायल की पहचान नहीं हो सकी है। 
हादसे में दो युवकों की मौत की सूचना है। दो मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच
भेजे जाने की जानकारी मिली है।

## स्कॉर्पियो पर लगा था जदयू का झंडा

दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01 JY 6754 बताया गया है। वाहन
पर जदयू का झंडा लगा था। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के पीछे
तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या अन्य वजहों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

[[

The post [पटना के अटल पथ पर बेकाबू स्कॉर्पियो का कहर, दो की मौत; चार घायल](https://liveindianews18.in/two-killed-four-injured-as-uncontrollable-scorpio-hits-patnas-atal-path/)
appeared first on [LiveIndiaNews18](https://liveindianews18.in).

## इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल

- Link: https://liveindianews18.in/17-year-old-teenager-fell-into-an-open-well-on-the-ground-died/
- Published: 2026-10-14T19:40:29+05:30
- Author: Manoj Pandey

### **अंबा (औरंगाबाद)।** कुटुंबा प्रखंड के गोवास गांव में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय किशोर सत्येन्द्र कुमार की कुएं में डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ घर के बाहर बैठकर बातचीत कर रहा सत्येन्द्र कुछ देर बाद कुएं के पास गया था, जहां अंधेरे में पैर फिसलने से वह जमीन के समतल बने खुले कुएं में जा गिरा। हादसे के बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान गोवास गांव निवासी सोहन साव के पुत्र **सत्येन्द्र कुमार** के रूप में
हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण
करते हैं। इकलौते बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

![](https://liveindianews18.in/wp-content/uploads/2026/10/1003720351-1024x576.avif)

बताया जाता है कि मंगलवार की शाम करीब सात बजे सत्येन्द्र घर के बाहर दोस्तों के साथ
बैठा था। इसी दौरान वह कुछ दूरी पर स्थित कुएं के पास लघुशंका करने गया। कुआं जमीन 
के समतल बना हुआ था। रात के अंधेरे में कुएं का अंदाजा नहीं लगने के कारण अचानक उसका
पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा।

सत्येन्द्र के कुएं में गिरते ही दोस्तों और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीण तत्काल बचाव कार्य में जुट गए। कुएं में कीचड़ और मिट्टी होने के कारण काफी
परेशानी हुई। काफी प्रयास के बाद रस्सी की मदद से किशोर को बाहर निकाला गया। इसके बाद
परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में **रेफरल अस्पताल, कुटुंबा** लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों
ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

### **इकलौते बेटे की मौत से मचा कोहराम**

सत्येन्द्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा
हाल है। जिस इकलौते बेटे से परिवार को भविष्य की उम्मीदें थीं, उसकी अचानक मौत ने पूरे
परिवार को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद गोवास गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

### **खुले कुएं की सुरक्षा पर उठे सवाल**

हादसे के बाद जमीन के समतल बने खुले कुएं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे
हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे खुले कुओं के आसपास सुरक्षा घेरा या ढक्कन नहीं होने
से हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खुले कुओं को सुरक्षित कराने
की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

[[

The post [इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल](https://liveindianews18.in/17-year-old-teenager-fell-into-an-open-well-on-the-ground-died/)
appeared first on [LiveIndiaNews18](https://liveindianews18.in).

## वैशाली में गंगा नदी में पलटी नाव, 13 बच्चों की मौत; 10 बच्चियां और तीन लड़के शामिल

- Link: https://liveindianews18.in/13-children-dead-after-boat-capsizes-in-ganga-river-in-vaishali-bihar/
- Published: 2026-10-14T09:09:39+05:30
- Author: Central Desk

* **छोटी नाव पर सवार थे 20 से 25 लोग, श्राद्ध का भोज खाने गंगा पार करते समय हुआ
   हादसा**

**वैशाली।** बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड की रामपुर श्यामचंद पंचायत में
मंगलवार रात गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की डूबकर मौत हो गई। मृतकों में 10
बच्चियां और तीन लड़के शामिल हैं। सभी की उम्र छह से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
हादसे के समय छोटी नाव पर 20 से 25 लोग सवार थे। इनमें सात लोगों की हालत गंभीर होने
पर उन्हें नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) रेफर किया गया, जबकि एक अन्य का 
उपचार राघोपुर के स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

![](https://liveindianews18.in/wp-content/uploads/2026/10/1003720351-1024x576.avif)

नाव हादसे के बाद राघोपुर अस्पताल में पहुंचे ग्रामीण

हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बच्चों की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

## श्राद्ध का भोज खाने जा रहे थे बच्चे

जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान
के पास सिंघेश्वर राय के यहां मंगलवार को श्राद्ध का भोज था। ग्रामीणों के मुताबिक,
भोज में शामिल होने के लिए एक छोटी नाव पर 20 से 25 लोग सवार होकर गंगा पार कर रहे 
थे। इसी दौरान नदी के बीच में नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। नाव पर सवार लोग
गंगा में डूबने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद पानी में डूबे लोगों को बाहर निकाला गया और राघोपुर प्राथमिक स्वास्थ्य
केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने 13 बच्चों को मृत घोषित कर दिया। सात लोगों
की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एनएमसीएच रेफर किया गया।

## मौके पर पहुंचीं जिलाधिकारी

नाव दुर्घटना की सूचना मिलने पर वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचीं।
उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताया। जिलाधिकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े आठ
बजे नाव पलटने की सूचना मिली थी। नाव पर सवार लोग पास के गांव में भोज खाने जा रहे 
थे। हादसे में जान गंवाने वाले सभी बच्चे छह से 15 वर्ष की उम्र के थे।

## नाव हादसे में मृत बच्चों के नाम

 1.  मीरा कुमारी — पिता रामनरेश राय
 2.  निशु कुमारी — पिता सत्येंद्र राय
 3.  अनिशा कुमारी — पिता सुरेंद्र राय
 4.  सुनीता कुमारी — पिता राज किशोर राय
 5.  आर्यन कुमार — पिता गांधी राय
 6.  मोहन कुमार — पिता अखिलेश राय
 7.  अमृता कुमारी — पिता राज किशोर राय
 8.  अंकिता कुमारी — पिता राज किशोर राय
 9.  पिंकी कुमारी — पिता डोमन राय
 10. नमन कुमार — पिता मुकेश राय
 11. सिकी कुमारी — पिता सुरेश राय
 12. भोनू कुमारी — पिता रामप्रवेश राय
 13. सोनम कुमारी — पिता नरेश राय

[[

The post [वैशाली में गंगा नदी में पलटी नाव, 13 बच्चों की मौत; 10 बच्चियां और तीन लड़के शामिल](https://liveindianews18.in/13-children-dead-after-boat-capsizes-in-ganga-river-in-vaishali-bihar/)
appeared first on [LiveIndiaNews18](https://liveindianews18.in).

## 361 लीटर से अधिक टनाका शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

- Link: https://liveindianews18.in/more-than-361-liters-of-tanaka-liquor-seized-three-smugglers-arrested/
- Published: 2026-10-13T17:53:00+05:30
- Author: Manoj Pandey

### **टेम्पो-मोटरसाइकिल से हो रही थी शराब की ढुलाई, विधि विरुद्ध किशोर भी पकड़ा गया; मोबाइल समेत वाहन जब्त**

** अंबा (औरंगाबाद)।** कुटुंबा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान
में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में **361.2 लीटर टनाका देशी शराब** 
बरामद की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने **तीन तस्करों को गिरफ्तार** करने के साथ एक **
विधि विरुद्ध किशोर** को भी पकड़ा है। शराब तस्करी में प्रयुक्त टेम्पो, मोटरसाइकिल
और मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

![](https://liveindianews18.in/wp-content/uploads/2026/10/1504545-1024x768.avif)

पुलिस के अनुसार, सोमवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर पहली कार्रवाई की गई। इस दौरान**
टेम्पो और दो मोटरसाइकिलों** से कुल **287.7 लीटर टनाका देशी शराब** बरामद हुई। मौके
से इब्राहिमपुर निवासी **अमित कुमार और श्रवण कुमार** तथा पिपरी निवासी **विकाश कुमार**
को गिरफ्तार किया गया। इनके साथ एक विधि विरुद्ध किशोर को भी पुलिस ने पकड़ा।

इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई **ओडी बिगहा पक्की सड़क** पर की गई। यहां एक मोटरसाइकिल
पर रखी दो बोरियों की तलाशी लेने पर **73.5 लीटर टनाका शराब** बरामद हुई। मौके से एक
मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस अब जब्त मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इस
मामले में जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

थानाध्यक्ष **चंद्रहास सिंह** ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ
पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में संलिप्त लोगों
को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई
की जाएगी।

[[

The post [361 लीटर से अधिक टनाका शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार](https://liveindianews18.in/more-than-361-liters-of-tanaka-liquor-seized-three-smugglers-arrested/)
appeared first on [LiveIndiaNews18](https://liveindianews18.in).
