# सहयोग पोर्टल पर लापरवाही पड़ी भारी, 15 अधिकारी-कर्मचारी तत्काल निलंबित

- Link: https://liveindianews18.in/bihar-cm-suspends-15-officials-over-negligence-on-sahyog-portal/
- Published: 2026-11-10T16:02:07+05:30
- Author: Central Desk

* **मुख्यमंत्री ने राज्यस्तरीय सहयोग शिविर में की बड़ी कार्रवाई, आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण
   निष्पादन में कोताही पर विभागीय कार्रवाई भी शुरू**

**पटना :** सहयोग पोर्टल पर आम लोगों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतना 15 
अधिकारियों और कर्मचारियों को भारी पड़ गया। आवेदनों का समय पर निष्पादन नहीं करने 
और गुणवत्तापूर्ण समाधान के बजाय टालमटोल करने के आरोप में मुख्यमंत्री ने मंगलवार 
को 15 पदाधिकारियों व कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सभी के विरुद्ध
विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

राज्यस्तरीय सहयोग शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने यह सख्त कदम उठाया। मुख्यमंत्री सचिवालय
की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, निलंबित अधिकारियों में अंचल अधिकारी, प्रखंड
विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता और राजस्व कर्मचारी
शामिल हैं। ये अधिकारी मुंगेर, भोजपुर, कटिहार, भागलपुर, अररिया, गया, जहानाबाद, सुपौल,
शेखपुरा, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी और गोपालगंज जिलों में तैनात थे।

## **राजस्व विभाग के सबसे अधिक कर्मियों पर कार्रवाई**

निलंबित 15 अधिकारियों-कर्मचारियों में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के आठ, लोक स्वास्थ्य
अभियंत्रण विभाग के चार, ग्रामीण विकास विभाग के एक और नगर विकास एवं आवास विभाग के
एक पदाधिकारी शामिल हैं। एक राजस्व कर्मचारी की वर्तमान तैनाती सीतामढ़ी जिले में है।
राजस्व से जुड़े मामलों में सबसे अधिक कार्रवाई हुई है।

मुख्यमंत्री ने जिला पदाधिकारियों, विभागीय सचिवों और मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों
को स्पष्ट निर्देश दिया है कि सहयोग पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की केवल निपटारे की
संख्या और समयसीमा की समीक्षा पर्याप्त नहीं है। यह भी जांचना होगा कि आवेदक की समस्या
का वास्तविक समाधान हुआ या नहीं।

मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी ने आवेदकों की समस्या
का समाधान किए बिना टालमटोल किया अथवा औपचारिकता पूरी कर आवेदन का निष्पादन दिखाया 
तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई होगी। सरकार ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश
दिया है कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही और खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

**निलंबित अधिकारियों-कर्मचारियों के नाम और तैनाती**

 1.  जय प्रकाश – अंचल अधिकारी, हवेली खड़गपुर (मुंगेर)
 2.  अर्चना कुमारी – अंचल अधिकारी, टेटिया बंबर (मुंगेर)
 3.  रवि रंजन – प्रखंड विकास पदाधिकारी, आरा सदर (भोजपुर)
 4.  संजीव कुमार – अंचल अधिकारी, कोढ़ा (कटिहार)
 5.  संतोष कुमार सुमन – अंचल अधिकारी, नवगछिया (भागलपुर)
 6.  पंकज कुमार – अंचल अधिकारी, फारबिसगंज (अररिया)
 7.  रमेश कुमार – अंचल अधिकारी, बोधगया (गया)
 8.  रंजीत कुमार – अंचल अधिकारी, जहानाबाद
 9.  प्रियंका सिंह – अंचल अधिकारी, त्रिवेणीगंज (सुपौल)
 10. वीणा वैशाली – कार्यपालक पदाधिकारी, निर्मली एवं सिमराही (सुपौल)
 11. रोहित कुमार दुबे – सहायक अभियंता, पीएचईडी, शेखपुरा
 12. भोला नाथ – कनीय अभियंता, पीएचईडी, कुढ़नी (मुजफ्फरपुर)
 13. श्याम बाबू राय – कनीय अभियंता, पीएचईडी, मझौलिया (पश्चिम चंपारण)
 14. पवन कुमार – कनीय अभियंता, पीएचईडी, सुरसंड (सीतामढ़ी)
 15. शुभम कुमार – राजस्व कर्मचारी, तत्कालीन उचकागांव (गोपालगंज), वर्तमान बाजपट्टी (
     सीतामढ़ी)

### Share this:

 * [  X ](https://liveindianews18.in/bihar-cm-suspends-15-officials-over-negligence-on-sahyog-portal/?share=twitter)
 * [  Facebook ](https://liveindianews18.in/bihar-cm-suspends-15-officials-over-negligence-on-sahyog-portal/?share=facebook)
 * [  Telegram ](https://liveindianews18.in/bihar-cm-suspends-15-officials-over-negligence-on-sahyog-portal/?share=telegram)
 * [  WhatsApp ](https://liveindianews18.in/bihar-cm-suspends-15-officials-over-negligence-on-sahyog-portal/?share=jetpack-whatsapp)

### Like this:

Like Loading…
