# देव कार्तिक छठ मेला के लिए 45 लाख रुपये मंजूर, बड़ेम मेले को मिलेंगे 10 लाख

- Link: https://liveindianews18.in/55-lakh-approved-for-dev-and-barem-kartik-chhath-fairs-in-aurangabad/
- Published: 2026-11-14T14:39:58+05:30
- Author: Central Desk

* **औरंगाबाद के दोनों धार्मिक आयोजनों के लिए सरकार ने जारी की 55 लाख रुपये की राशि,
   श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर खर्च होगी रकम**

**पटना।** औरंगाबाद जिले के प्रसिद्ध देव कार्तिक छठ मेला के आयोजन और श्रद्धालुओं 
की सुविधाओं के लिए राज्य सरकार ने 45 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं, नवीनगर प्रखंड
के बड़ेम स्थित सूर्य राघव मंदिर में आयोजित होने वाले कार्तिक छठ मेला के लिए 10 लाख
रुपये मंजूर किए गए हैं। दोनों मेलों के लिए कुल 55 लाख रुपये की स्वीकृति राजस्व एवं
भूमि सुधार विभाग ने दी है। इस संबंध में विभाग के अपर सचिव अमित कुमार पांडेय ने आदेश
जारी कर दिया है।

## **श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर खर्च होगी राशि**

देव में कार्तिक छठ के अवसर पर आयोजित होने वाले मेले में बिहार सहित दूसरे राज्यों
से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सरकार ने मेले की व्यवस्थाओं
को बेहतर बनाने के लिए राशि उपलब्ध कराई है। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप
कुमार जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण
हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं, सुगम आवागमन और सुरक्षित
वातावरण मिले।

## **स्थानीय पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा**

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार धार्मिक और ऐतिहासिक
महत्व के आयोजनों को बेहतर स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। देव का कार्तिक छठ मेला
राज्य की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। मेले की बेहतर व्यवस्था से श्रद्धालुओं
को सुविधा मिलने के साथ स्थानीय पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा
मिलेगा।

## **दूसरे कार्यों में खर्च नहीं होगी स्वीकृत राशि**

विभागीय आदेश के अनुसार, राशि की निकासी बिहार राज्य मेला प्राधिकार के लिए निर्धारित
बजटीय प्रावधान के तहत होगी। स्वीकृत रकम का इस्तेमाल केवल संबंधित मेलों के आयोजन 
और निर्धारित व्यवस्थाओं पर ही किया जा सकेगा। इसे किसी अन्य कार्य में खर्च करने की
अनुमति नहीं होगी। राशि का व्यय संबंधित अपर समाहर्त्ता, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता 
और अंचलाधिकारी के माध्यम से कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित समाहर्त्ता, अपर समाहर्त्ता
और निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी जिम्मेदार होंगे।

### Share this:

 * [  X ](https://liveindianews18.in/55-lakh-approved-for-dev-and-barem-kartik-chhath-fairs-in-aurangabad/?share=twitter)
 * [  Facebook ](https://liveindianews18.in/55-lakh-approved-for-dev-and-barem-kartik-chhath-fairs-in-aurangabad/?share=facebook)
 * [  Telegram ](https://liveindianews18.in/55-lakh-approved-for-dev-and-barem-kartik-chhath-fairs-in-aurangabad/?share=telegram)
 * [  WhatsApp ](https://liveindianews18.in/55-lakh-approved-for-dev-and-barem-kartik-chhath-fairs-in-aurangabad/?share=jetpack-whatsapp)

### Like this:

Like Loading…
